RWA Civil Services
Current Affairs - Daily 28 नवमबर 2026

कमल का फूल — वानस्पतिक विशेषताएँ और सांस्कृतिक महत्व

कमल: वानस्पतिक विशेषताएँ एवं सांस्कृतिक विरासत

  • कमल एक जलीय पुष्पीय पौधा है, जो मुख्यतः उथले तालाबों, झीलों, दलदली क्षेत्रों तथा धीमी गति से प्रवाहित होने वाले जल में पाया जाता है.

  • कीचड़युक्त एवं कम ऑक्सीजन वाले वातावरण में विकसित होने के बावजूद इसकी सुन्दरता और स्वच्छता के कारण इसे पवित्रता, आध्यात्मिक उन्नति तथा विपरीत परिस्थितियों पर विजय का प्रतीक माना जाता है.

वानस्पतिक विशेषताएँ

  • कमल नेलम्बोनेसी कुल का बहुवर्षीय जलीय पौधा है. इसका भूमिगत तना (प्रकन्द) जलाशयों की तलछट में विकसित होता है. इसकी लम्बी एवं लचीली पर्णवृन्त तथा पुष्पवृन्त पत्तियों और फूलों को जल की सतह तक पहुँचाते हैं.
  • कमल की पत्तियों की सतह पर सूक्ष्म संरचनाएँ एवं मोम की परत होती है, जिसके कारण पानी और धूल उस पर नहीं ठहरते.
  • इस स्वच्छकारी विशेषता को ‘कमल प्रभाव’ (लोटस इफेक्ट) कहते हैं. इस सिद्धान्त का उपयोग जलरोधी एवं स्वतः स्वच्छ होने वाली सतहों के विकास में किया जाता है.
  • कमल के पुष्प में ऊष्मा उत्पन्न करने एवं अपने तापमान को नियन्त्रित करने की क्षमता होती है. इसे तापजनन (थर्मोजेनेसिस) कहते हैं, जो परागणकर्ताओं को आकर्षित करने में सहायक हो सकता है.
  • कमल के बीज अत्यन्त दीर्घजीवी होते हैं. वैज्ञानिक लगभग 1,300 वर्ष पुराने कमल के बीज को भी अंकुरित करने में सफल रहे हैं.

कमल की प्रमुख प्रजातियाँ

  • नेलम्बो वंश के अन्तर्गत सामान्यतः कमल की दो प्रमुख प्रजातियाँ मानी जाती हैं-
  • भारतीय अथवा पवित्र कमल (नेलम्बो न्यूसीफेरा)-यह एशिया तथा ऑस्ट्रेलिया के कुछ भागों का मूल निवासी है.
  • अमेरिकी कमल (नेलम्बो ल्यूटिया)-यह उत्तरी अमेरिका तथा कैरेबियाई क्षेत्रों का मूल निवासी है.
  • कमल और कुमुदिनी दोनों जलीय पौधे हैं, लेकिन वानस्पतिक दृष्टि से अलग-अलग कुलों से सम्बन्धित हैं.

आर्थिक एवं खाद्य महत्व

  • कमल भारत का राष्ट्रीय पुष्प है. इसके प्रकन्द, बीज तथा पर्णवृन्त का उपयोग खाद्य पदार्थों के रूप में किया जाता है. भारत में कमल ककड़ी से सब्जी, अचार तथा चिप्स बनाए जाते हैं.
  • कमल का उपयोग सजावटी पौधे तथा पारम्परिक औषधीय उत्पादों के रूप में भी होता है.

धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व

  • हिन्दू धर्म में कमल का सम्बन्ध ब्रह्मा, विष्णु, लक्ष्मी तथा सरस्वती से है. पौराणिक मान्यताओं के अनुसार भगवान विष्णु की नाभि से उत्पन्न कमल पर ब्रह्मा प्रकट हुए थे. इसीलिए ब्रह्मा को पद्मज एवं कमलासन तथा विष्णु को पद्मनाभ कहा जाता है.
  • बौद्ध धर्म में कमल आध्यात्मिक ज्ञान, पवित्रता तथा सांसारिक आसक्तियों से मुक्ति का प्रतीक है. कमल का जैन धर्म में भी विशेष महत्व है. छठे तीर्थंकर पद्मप्रभ का प्रतीक चिह्न लाल कमल है.

भारतीय कला एवं स्थापत्य में कमल

  • मौर्यकालीन अशोक स्तम्भों, बौद्ध स्तूपों, अजंता के भित्तिचित्रों, हिन्दू मन्दिरों तथा मुगलकालीन स्थापत्य में कमल की आकृतियों का व्यापक प्रयोग हुआ है.
  • संस्कृत साहित्य, विशेषकर कालिदास की रचनाओं में कमल सौन्दर्य एवं पवित्रता का प्रतीक रहा है. इस प्रकार कमल भारत की प्राकृतिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण अंग है.

अभ्यास प्रश्न 

प्रश्न - कमल की वानस्पतिक विशेषताओं के सम्बन्ध में निम्नलिखित कथनों पर विचार कीजिए.

I. कमल का प्रकन्द एक परिवर्तित जड़ है, जो जलाशय की तलछट में विकसित होता है.
 II. कमल की पत्तियों की सूक्ष्म सतही संरचनाएँ और मोमी परत ‘कमल प्रभाव’ के लिए उत्तरदायी हैं.

उपर्युक्त कथनों में से कौनसा सही है ?

A) केवल I
 B) केवल II
 C) I और II दोनों
 D) न तो I, न ही II

उत्तर - (B)

व्याख्या - कमल का प्रकन्द जलाशय की तलछट में विकसित होने वाला परिवर्तित तना है. पत्तियों की सूक्ष्म सतही संरचनाएँ और मोमी परत जल की बूँदों को सतह से लुढ़कने देती हैं. ये बूँदें अपने साथ धूल के कण भी हटा देती हैं. इस स्वच्छकारी गुण को ‘कमल प्रभाव’ कहते हैं.