RWA Civil Services
Current Affairs - Daily 28 नवमबर 2026

भारत में वामपंथी राजनीति : इतिहास, विचारधारा और वर्तमान स्थिति

भारत में वामपंथी राजनीति : वैचारिक आधार, ऐतिहासिक विकास एवं वर्तमान परिदृश्य

चर्चा में क्यों ?

मई 2026 में सम्पन्न केरलम विधान सभा चुनाव में वाम लोकतान्त्रिक मोर्चे (एलडीएफ) की पराजय के बाद भारत में वामपंथी राजनीति के भविष्य को लेकर चर्चा प्रारम्भ हुई है.

केरलम की 140 सदस्यीय विधान सभा में एलडीएफ केवल 35 सीटों पर सिमट गया. पश्चिम बंगाल में वर्ष 2011 तथा त्रिपुरा में वर्ष 2018 में सत्ता खोने के बाद केरलम भी वामपंथी दलों के शासन से बाहर हो गया.

भारतीय राजनीति में वामपंथी दलों की भूमिका भूमि सुधार, श्रमिक अधिकार, सामाजिक न्याय, धर्मनिरपेक्षता तथा कल्याणकारी राज्य की अवधारणा से जुड़ी रही है.

वामपंथ की उत्पत्ति एवं अर्थ

वामपंथ और दक्षिणपंथ शब्दों की उत्पत्ति वर्ष 1789 की फ्रांसीसी क्रान्ति से मानी जाती है. फ्रांस की राष्ट्रीय सभा में राजशाही एवं परम्परागत व्यवस्था के समर्थक अध्यक्ष के दाईं ओर, जबकि क्रान्तिकारी परिवर्तन एवं समानता के समर्थक बाईं ओर बैठते थे.

कालान्तर में सामाजिक एवं आर्थिक समानता, श्रमिक अधिकारों तथा संसाधनों के न्यायपूर्ण वितरण की समर्थक विचारधाराओं को वामपंथ कहा जाने लगा. इसमें समाजवाद, साम्यवाद, सामाजिक लोकतन्त्र तथा लोकतान्त्रिक समाजवाद जैसी विभिन्न विचारधाराएँ सम्मिलित हैं.

वामपंथ के प्रमुख राजनीतिक एवं आर्थिक सिद्धान्त

मार्क्सवाद-कार्ल मार्क्स एवं फ्रेडरिक एंगेल्स इसके प्रमुख प्रतिपादक थे. ऐतिहासिक भौतिकवाद, वर्ग संघर्ष, अतिरिक्त मूल्य, पूँजीवाद की आलोचना तथा वर्गविहीन समाज की स्थापना इसके प्रमुख सिद्धान्त हैं. वर्ष 1848 में प्रकाशित ‘कम्युनिस्ट घोषणापत्र’ तथा ‘दास कैपिटल’ इसके प्रमुख वैचारिक आधार हैं.

लेनिनवाद-व्लादिमीर लेनिन ने मार्क्सवादी सिद्धान्तों को रूस की परिस्थितियों के अनुरूप विकसित किया. इसमें अनुशासित क्रान्तिकारी दल, लोकतान्त्रिक केन्द्रीयतावाद, श्रमिक-किसान गठबन्धन तथा साम्राज्यवाद के विरोध को महत्व दिया गया.

माओवाद-माओ त्से तुंग ने चीन की कृषि प्रधान व्यवस्था के अनुरूप मार्क्सवाद-लेनिनवाद को विकसित किया तथा क्रान्तिकारी परिवर्तन में किसानों की भूमिका को विशेष महत्व दिया.

लोकतान्त्रिक समाजवाद-लोकतान्त्रिक एवं संवैधानिक माध्यमों से समाजवादी व्यवस्था स्थापित करने पर बल देता है.

सामाजिक लोकतन्त्र-बाजार अर्थव्यवस्था के साथ सरकारी नियमन, सामाजिक सुरक्षा तथा कल्याणकारी नीतियों के माध्यम से आर्थिक असमानता कम करने का समर्थन करता है.

वैश्विक स्तर पर वामपंथ का विकास

वर्ष 1917 की रूसी बोल्शेविक क्रान्ति, वर्ष 1922 में सोवियत संघ की स्थापना, वर्ष 1949 में चीन में कम्युनिस्ट शासन तथा वर्ष 1959 की क्यूबा क्रान्ति वामपंथी राजनीति के विकास की महत्वपूर्ण घटनाएँ थीं.

वर्ष 1991 में सोवियत संघ के विघटन के बाद साम्यवादी राजनीति को बड़ा झटका लगा. इसके पश्चात् अनेक वामपंथी दलों ने अपनी आर्थिक नीतियों एवं राजनीतिक रणनीतियों में परिवर्तन किया.

भारत में वामपंथी आन्दोलन का उदय

भारत में वामपंथी आन्दोलन के विकास में रूसी क्रान्ति, ब्रिटिश औपनिवेशिक शासन, श्रमिकों के शोषण तथा जमींदारी व्यवस्था की महत्वपूर्ण भूमिका रही.

17 अक्टूबर, 1920 को एम. एन. रॉय एवं उनके सहयोगियों ने ताशकन्द में कम्युनिस्ट संगठन स्थापित किया. 26 दिसम्बर, 1925 को कानपुर में कम्युनिस्ट सम्मेलन के माध्यम से अखिल भारतीय स्तर पर पार्टी का गठन हुआ.

भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) वर्ष 1925, जबकि भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) वर्ष 1920 को अपना मूल स्थापना वर्ष मानती है.

कम्युनिस्टों ने श्रमिक एवं किसान आन्दोलनों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. अखिल भारतीय ट्रेड यूनियन कांग्रेस (1920), अखिल भारतीय किसान सभा (1936), तेभागा आन्दोलन (1946–47) तथा तेलंगाना किसान आन्दोलन (1946–51) इसके प्रमुख उदाहरण हैं. हालाँकि वर्ष 1942 के भारत छोड़ो आन्दोलन का समर्थन नहीं करने के कारण भाकपा की भूमिका विवादास्पद रही.

स्वतन्त्रता के बाद वामपंथी राजनीति

वर्ष 1951–52 के प्रथम लोक सभा चुनाव में भाकपा ने 16 सीटें जीतीं. वर्ष 1957 में ई. एम. एस. नम्बूदरीपाद के नेतृत्व में केरलम में भारत की पहली निर्वाचित कम्युनिस्ट सरकार बनी, जिसे वर्ष 1959 में अनुच्छेद 356 के अन्तर्गत बर्खास्त कर दिया गया.

वर्ष 1964 में सोवियत संघ-चीन वैचारिक विवाद, भारत-चीन युद्ध, कांग्रेस के साथ राजनीतिक सम्बन्ध तथा समाजवादी परिवर्तन की रणनीति से जुड़े मतभेदों के कारण भाकपा का विभाजन हुआ और माकपा की स्थापना हुई.

वर्ष 1967 में पश्चिम बंगाल में नक्सलबाड़ी आन्दोलन प्रारम्भ हुआ. इसके बाद वर्ष 1969 में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) की स्थापना हुई.

भारत के प्रमुख वामपंथी दल

भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) मार्क्सवाद-लेनिनवाद, राष्ट्रीय जनवाद तथा समाजवादी परिवर्तन की समर्थक है. भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) श्रमिक वर्ग के नेतृत्व में जनवादी लोकतन्त्र की स्थापना एवं समाजवादी परिवर्तन पर बल देती है. भाकपा (माले) लिबरेशन भूमिहीनों, किसानों, दलितों एवं वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए जन आन्दोलनों और संसदीय राजनीति में सक्रिय है.

अखिल भारतीय फॉरवर्ड ब्लॉक, क्रान्तिकारी समाजवादी पार्टी तथा सोशलिस्ट यूनिटी सेंटर ऑफ इण्डिया (कम्युनिस्ट) अन्य प्रमुख वामपंथी दल हैं.

संसदीय वामपंथी दलों और सशस्त्र संघर्ष में विश्वास रखने वाले माओवादी संगठनों में स्पष्ट अन्तर है. वर्ष 2004 में गठित भाकपा (माओवादी) एक प्रतिबन्धित संगठन है.

वामपंथी सरकारों का उदय एवं पतन

पश्चिम बंगाल में वाम मोर्चे ने वर्ष 1977 से 2011 तक लगातार 34 वर्षों तक शासन किया. ऑपरेशन बर्गा, भूमि सुधार तथा पंचायती राज संस्थाओं का सुदृढ़ीकरण इसकी प्रमुख उपलब्धियाँ रहीं. हालाँकि सिंगूर एवं नन्दीग्राम के भूमि अधिग्रहण विवादों ने इसके जनाधार को प्रभावित किया.

केरलम में भूमि सुधार, सार्वजनिक स्वास्थ्य, शिक्षा, सामाजिक सुरक्षा तथा विकेन्द्रीकृत नियोजन वामपंथी शासन की प्रमुख विशेषताएँ रही हैं. त्रिपुरा में वर्ष 1978–88 तथा 1993–2018 के दौरान वाम मोर्चे का शासन रहा.

राष्ट्रीय राजनीति में वामपंथी दलों ने वर्ष 1989 की राष्ट्रीय मोर्चा सरकार, वर्ष 1996 की संयुक्त मोर्चा सरकार तथा वर्ष 2004 की संयुक्त प्रगतिशील गठबन्धन सरकार के गठन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.

वर्ष 2008 में भारत-अमेरिका असैन्य परमाणु समझौते के विरोध में वामपंथी दलों ने संप्रग सरकार से समर्थन वापस ले लिया.

भारतीय संविधान एवं वामपंथी विचारधारा

42वें संविधान संशोधन अधिनियम, 1976 द्वारा संविधान की प्रस्तावना में ‘समाजवादी’ शब्द जोड़ा गया. अनुच्छेद 38 सामाजिक-आर्थिक न्याय, अनुच्छेद 39 संसाधनों के न्यायपूर्ण वितरण एवं धन के अहितकारी संकेन्द्रण को रोकने, अनुच्छेद 43 निर्वाह मजदूरी तथा अनुच्छेद 43क उद्योगों के प्रबन्धन में श्रमिकों की भागीदारी से सम्बन्धित है.

हालाँकि भारतीय संवैधानिक समाजवाद मार्क्सवादी समाजवाद से भिन्न है.

यह लोकतान्त्रिक माध्यमों से सामाजिक-आर्थिक न्याय सुनिश्चित करने पर बल देता है तथा निजी उद्यम एवं बाजार अर्थव्यवस्था का निषेध नहीं करता.

वामपंथी दलों की प्रमुख नीतियाँ एवं योगदान

वामपंथी दल सार्वजनिक क्षेत्र के संरक्षण, अनियन्त्रित निजीकरण के विरोध, भूमि सुधार, न्यूनतम मजदूरी, सामाजिक सुरक्षा, प्रगतिशील कर व्यवस्था तथा किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य की कानूनी गारण्टी के समर्थक रहे हैं.

श्रमिक अधिकारों, ग्रामीण रोजगार गारण्टी, खाद्य सुरक्षा, सार्वजनिक वितरण प्रणाली, धर्मनिरपेक्षता तथा विकेन्द्रीकृत शासन से सम्बन्धित राष्ट्रीय विमर्श में इनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है.

वामपंथी राजनीति के पतन के प्रमुख कारण

आर्थिक उदारीकरण, वैश्वीकरण, असंगठित एवं सेवा क्षेत्र का विस्तार, जाति आधारित राजनीति, सीमित भौगोलिक जनाधार, संगठनात्मक समस्याएँ तथा क्षेत्रीय एवं राष्ट्रीय दलों से बढ़ती प्रतिस्पर्धा इसके प्रमुख कारण हैं.

इसके अतिरिक्त वैचारिक अनुकूलन की कमी, लम्बे शासन के कारण उत्पन्न सत्ता विरोधी भावना तथा औद्योगीकरण एवं किसान हितों के मध्य टकराव ने भी वामपंथी दलों को प्रभावित किया है.

वर्तमान स्थिति एवं प्रासंगिकता

वर्ष 2024 के लोक सभा चुनाव में प्रमुख वामपंथी दलों ने कुल 9 सीटें जीती थीं. वर्ष 2026 में केरलम में सत्ता खोने के बाद इनका चुनावी प्रभाव और सीमित हुआ है.

इसके बावजूद आर्थिक असमानता, सम्पत्ति का संकेन्द्रण, बेरोजगारी, गिग श्रमिकों के अधिकार, कृषि संकट, सामाजिक सुरक्षा, जलवायु न्याय तथा कृत्रिम बुद्धिमत्ता का रोजगार पर प्रभाव जैसे विषय वर्तमान राजनीतिक विमर्श में वामपंथी विचारधारा की प्रासंगिकता बनाए हुए हैं. हालाँकि ये विषय केवल वामपंथी राजनीति तक सीमित नहीं हैं.

निष्कर्ष

भारतीय वामपंथी राजनीति का इतिहास किसान एवं श्रमिक आन्दोलन, भूमि सुधार, सामाजिक न्याय तथा संसदीय लोकतन्त्र में भागीदारी से जुड़ा रहा है. इसकी भविष्य की राजनीतिक स्थिति बदलती सामाजिक-आर्थिक परिस्थितियों के अनुरूप वैचारिक एवं संगठनात्मक अनुकूलन पर निर्भर करेगी. आर्थिक विकास, उद्यमिता, व्यक्तिगत स्वतन्त्रता तथा संसाधनों के न्यायपूर्ण वितरण के मध्य सन्तुलन स्थापित करना भारतीय लोकतन्त्र की सभी राजनीतिक विचारधाराओं के समक्ष एक साझा चुनौती है.

 

प्रश्न: किस विचारधारा ने रूस की परिस्थितियों के अनुरूप मार्क्सवाद को विकसित करते हुए अनुशासित क्रान्तिकारी दल, लोकतान्त्रिक केन्द्रीयतावाद और श्रमिक-किसान गठबन्धन पर बल दिया ?

A) माओवाद
 B) लेनिनवाद
 C) लोकतान्त्रिक समाजवाद
 D) सामाजिक लोकतन्त्र

उत्तर: (B)

व्याख्या: व्लादिमीर लेनिन ने मार्क्सवादी सिद्धान्तों को रूस की परिस्थितियों के अनुरूप विकसित किया. उन्होंने क्रान्ति के नेतृत्व के लिए अनुशासित दल और श्रमिकों व किसानों के गठबन्धन को महत्वपूर्ण माना. लोकतान्त्रिक केन्द्रीयतावाद के तहत् दल के भीतर चर्चा के बाद लिए गए निर्णयों का पालन सभी सदस्यों को करना होता है.