RWA Civil Services
Current Affairs - Daily 28 नवमबर 2026

भारत की विदेशी देयताएँ एवं परिसम्पत्तियाँ 2025–26

भारत की विदेशी देयताएँ एवं परिसम्पत्तियाँ : प्रत्यक्ष निवेश की स्थिति एवं चुनौतियाँ

चर्चा में क्यों ?

  • भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा हाल ही में विदेशी देयताओं एवं परिसम्पत्तियों की वार्षिक गणना, 2025–26 के अनन्तिम परिणाम जारी किए गए हैं. 
  • इनके अनुसार भारत में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश तथा भारतीय संस्थाओं के विदेशों में प्रत्यक्ष निवेश के संचित मूल्य में वृद्धि हुई है. हालाँकि निवेश का भौगोलिक एवं क्षेत्रगत संकेन्द्रण और निवेश की गुणवत्ता का आकलन नीतिगत दृष्टि से महत्वपूर्ण चुनौतियाँ बनी हुई हैं.

विदेशी देयताओं एवं परिसम्पत्तियों की गणना

  • भारतीय रिजर्व बैंक की इस वार्षिक गणना में भारतीय संस्थाओं की सीमापार वित्तीय देयताओं एवं परिसम्पत्तियों का आकलन किया जाता है. इसमें प्रत्यक्ष निवेश, पोर्टफोलियो निवेश, व्यापारिक साख, ऋण, मुद्रा एवं जमाराशियाँ शामिल हैं.
  • वर्ष 2025–26 की गणना में 43,123 संस्थाओं को शामिल किया गया, जिनमें 34,845 संस्थाओं में केवल विदेशी प्रत्यक्ष निवेश था, जबकि 6,955 संस्थाओं ने केवल विदेशों में प्रत्यक्ष निवेश किया था. शेष 1,323 संस्थाएँ दोनों प्रकार के निवेश से जुड़ी थीं. गणना में शामिल लगभग 97 प्रतिशत संस्थाएँ शेयर बाजार में असूचीबद्ध थीं.

प्रत्यक्ष निवेश की वर्तमान स्थिति

  • मार्च 2026 के अन्त में भारत में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश का संचित मूल्य ₹70·7 लाख करोड़ था, जिसमें ₹68·4 लाख करोड़ की इक्विटी तथा ₹2·3 लाख करोड़ के ऋण शामिल थे. वित्त वर्ष के दौरान इसके रुपये में मूल्य में लगभग ₹5·5 लाख करोड़ की वृद्धि हुई, जबकि डॉलर में मूल्य 14·4 अरब डॉलर घटकर 747·1 अरब डॉलर रह गया.
  • इसी अवधि में भारतीय संस्थाओं के विदेशी प्रत्यक्ष निवेश का संचित मूल्य लगभग ₹4·85 लाख करोड़ बढ़कर ₹16·7 लाख करोड़ (176·6 अरब डॉलर) हो गया.
  • निवेश के संचित मूल्य और निवेश प्रवाह में अन्तर होता है. संचित मूल्य किसी निश्चित समय पर विद्यमान निवेश का मूल्य दर्शाता है, जबकि निवेश प्रवाह किसी निश्चित अवधि के दौरान हुए निवेश सम्बन्धी लेन-देन को दर्शाता है. विनिमय दर तथा शेयरों के मूल्य में परिवर्तन भी निवेश के संचित मूल्य को प्रभावित करते हैं.

निवेश का भौगोलिक संकेन्द्रण

  • भारत में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश के प्रमुख स्रोत अमेरिका (16·5 प्रतिशत), मॉरीशस (14·5 प्रतिशत), सिंगापुर (13·7 प्रतिशत), ब्रिटेन (10·8 प्रतिशत) तथा नीदरलैण्ड्स (10·2 प्रतिशत) हैं. कुल प्रत्यक्ष विदेशी निवेश में इन पाँच देशों की हिस्सेदारी 65·7 प्रतिशत है.
  • भारतीय संस्थाओं के विदेशी प्रत्यक्ष निवेश के प्रमुख गन्तव्य सिंगापुर (21·1 प्रतिशत), संयुक्त अरब अमीरात (16·2 प्रतिशत), अमेरिका (13·9 प्रतिशत), ब्रिटेन (12·4 प्रतिशत) तथा नीदरलैण्ड्स (8·2 प्रतिशत) हैं. इनकी संयुक्त हिस्सेदारी 71·8 प्रतिशत है.

निवेश का क्षेत्रगत वितरण

  • भारत में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश का सर्वाधिक 50·2 प्रतिशत हिस्सा विनिर्माण क्षेत्र तथा 44·8 प्रतिशत हिस्सा सेवा क्षेत्र में केन्द्रित है. इसके विपरीत निर्माण, कृषि एवं सम्बद्ध गतिविधियों तथा खनन क्षेत्रों की हिस्सेदारी क्रमशः 1·9 प्रतिशत, 0·2 प्रतिशत तथा 0·1 प्रतिशत है.
  • विनिर्माण के अन्तर्गत मोटर वाहन, मशीनरी, विद्युत् उपकरण तथा इलेक्ट्रॉनिक उत्पाद प्रमुख निवेश क्षेत्र हैं. सेवा क्षेत्र के अन्तर्गत वित्तीय एवं बीमा गतिविधियों की कुल प्रत्यक्ष विदेशी निवेश में हिस्सेदारी 16·2 प्रतिशत तथा दूरसंचार, कम्प्यूटर प्रोग्रामिंग एवं अन्य सूचना सम्बन्धी सेवाओं की हिस्सेदारी 14·8 प्रतिशत है.

प्रमुख चुनौतियाँ

  • कुछ देशों एवं आर्थिक क्षेत्रों में निवेश का अत्यधिक संकेन्द्रण बाहरी आर्थिक जोखिमों के प्रति संवेदनशीलता बढ़ा सकता है.
  • निवेश के संचित मूल्य में वृद्धि आवश्यक रूप से उत्पादन क्षमता अथवा रोजगार में वृद्धि का संकेत नहीं है.
  • विदेशों में भारतीय प्रत्यक्ष निवेश के संचित मूल्य के क्षेत्रवार आँकड़ों का अभाव उसके आर्थिक प्रभावों के आकलन को सीमित करता है.
  • निवेश से प्रौद्योगिकी हस्तान्तरण, उत्पादकता एवं घरेलू आपूर्ति शृंखला के विकास का पर्याप्त मूल्यांकन आवश्यक है.

आगे की राह एवं निष्कर्ष

  • भारत को विदेशी निवेश के विस्तार के साथ उसके भौगोलिक एवं क्षेत्रगत विविधीकरण, रोजगार सृजन, तकनीकी उन्नयन तथा घरेलू उद्योगों के विकास पर ध्यान देना चाहिए.
  • निवेश सम्बन्धी वास्तविक लेन-देन और मूल्यांकन में परिवर्तन के प्रभावों को पृथक रूप से प्रस्तुत करने तथा विदेशों में भारतीय निवेश के क्षेत्रवार आँकड़े उपलब्ध कराने से निवेश नीतियों का अधिक प्रभावी मूल्यांकन सम्भव होगा.

अभ्यास प्रश्न 

प्रश्न: मार्च 2026 के अन्त में प्रत्यक्ष निवेश के संचित मूल्य के आधार पर, भारत में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश का सबसे बड़ा स्रोत और भारतीय संस्थाओं के विदेशों में प्रत्यक्ष निवेश का सबसे बड़ा गन्तव्य क्रमशः कौनसे थे ?

A) मॉरीशस और संयुक्त अरब अमीरात
 B) सिंगापुर और अमेरिका
 C) अमेरिका और सिंगापुर
 D) ब्रिटेन और नीदरलैण्ड्स

उत्तर: (C)

व्याख्या: भारत में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश के संचित मूल्य में अमेरिका की हिस्सेदारी सर्वाधिक 16·5 प्रतिशत थी. भारतीय संस्थाओं के विदेशों में प्रत्यक्ष निवेश के संचित मूल्य में सिंगापुर की हिस्सेदारी सर्वाधिक 21·1 प्रतिशत थी.