RWA Civil Services
Current Affairs - Daily 3 नवमबर 2026

गुरु राम दास: चौथे सिख गुरु की आध्यात्मिक विरासत और अमृतसर की स्थापना

चौथे सिख गुरु राम दास की 492वीं जयन्ती, आध्यात्मिक विरासत, अमृतसर की स्थापना और सिख धर्म में योगदान जानिए।

गुरु राम दास : आध्यात्मिक विरासत एवं अमृतसर की स्थापना

चर्चा में क्यों?

  • सिख धर्म के चौथे गुरु, गुरु राम दास जी का 492वाँ प्रकाश पर्व संशोधित नानकशाही कैलेंडर के अनुसार 27 अक्टूबर, 2026 को मनाया गया। मूल नानकशाही कैलेंडर का पालन करने वाले कुछ सिख समुदायों ने इसे 9 अक्टूबर को मनाया। 
  • इसी अवसर पर पाकिस्तान ने लाहौर स्थित गुरुद्वारा जन्म स्थान गुरु राम दास जी के विस्तार की घोषणा की, जिसका उद्देश्य तीर्थयात्रियों के लिए सुविधाएँ बढ़ाना है।

प्रारम्भिक जीवन एवं गुरुगद्दी

  • जन्म- 24 सितम्बर, 1534 को चूना मण्डी, लाहौर (वर्तमान पाकिस्तान) में।
  • मूल नाम- भाई जेठा; इनके पिता का नाम हरि दास तथा माता का नाम दया कौर था।
  • परिवार- इनका विवाह तीसरे सिख गुरु, गुरु अमर दास जी की पुत्री बीबी भानी से हुआ।
  • गुरुगद्दी- वर्ष 1574 में गुरु अमर दास जी के उत्तराधिकारी के रूप में चौथे सिख गुरु बने।
  • उत्तराधिकारी- वर्ष 1581 में इनके सबसे छोटे पुत्र गुरु अर्जन देव पाँचवें सिख गुरु बने।

गुरु राम दास जी ने आध्यात्मिक मार्गदर्शन, संस्थागत विकास, समानता एवं निःस्वार्थ सेवा के आदर्शों के माध्यम से सिख समुदाय को सुदृढ़ किया।

अमृतसर की स्थापना

  • गुरु राम दास जी ने लगभग 1574 ई. में रामदासपुर, जिसे चक रामदास भी कहा जाता था, की स्थापना की। उन्होंने व्यापारियों एवं शिल्पकारों को यहाँ बसने के लिए प्रोत्साहित किया, जिससे नगरीय एवं व्यापारिक गतिविधियों का विस्तार हुआ।
  • उन्होंने अमृत सरोवर की खुदाई प्रारम्भ कराई, जिसके नाम पर इस नगर का नाम अमृतसर पड़ा। उनके उत्तराधिकारी गुरु अर्जन देव जी ने सरोवर का निर्माण पूरा कराया तथा हरमन्दिर साहिब का विकास किया, जो कालान्तर में स्वर्ण मन्दिर के नाम से प्रसिद्ध हुआ।

धार्मिक एवं साहित्यिक योगदान

  • गुरबाणी- गुरु राम दास जी द्वारा रचित वाणियाँ गुरु ग्रन्थ साहिब में संकलित हैं। इनमें भक्ति, विनम्रता, आध्यात्मिक अनुशासन एवं ईश्वर-स्मरण पर बल दिया गया है।
  • लावाँ- उन्होंने चार 'लावाँ' की रचना की, जो सिख विवाह संस्कार 'आनन्द कारज' का महत्त्वपूर्ण अंग हैं। ये आत्मा की परमात्मा से मिलन की आध्यात्मिक यात्रा को दर्शाती हैं।
  • सामाजिक समानता- उनकी शिक्षाओं में सेवा, विनम्रता, ईमानदार जीवन एवं समानता को महत्त्व दिया गया तथा सामाजिक भेदभाव का विरोध किया गया।

मुख्य परीक्षा हेतु महत्त्वपूर्ण की-वर्ड्स

  • भक्ति आन्दोलन एवं सिख धर्म (Bhakti Movement and Sikhism)- गुरु राम दास जी ने एक ईश्वर के प्रति भक्ति, समानता, विनम्रता एवं नैतिक आचरण पर बल देकर सिख धर्म की आध्यात्मिक तथा सामाजिक आधारशिला को सुदृढ़ किया। उनकी शिक्षाएँ भक्ति आन्दोलन की उस व्यापक परम्परा के अनुरूप थीं, जिसमें कर्मकाण्ड एवं जातिगत भेदभाव के स्थान पर व्यक्तिगत भक्ति को महत्त्व दिया गया। इन शिक्षाओं ने समावेशी धार्मिक समुदाय के विकास में योगदान दिया।
  • नगरीकरण एवं धार्मिक केन्द्र (Urbanisation and Religious Centres)- गुरु राम दास जी ने रामदासपुर (वर्तमान अमृतसर) की स्थापना की तथा व्यापारियों, शिल्पकारों एवं अन्य व्यवसायियों को वहाँ बसने के लिए प्रोत्साहित किया। अमृत सरोवर के विकास से यह बस्ती एक महत्त्वपूर्ण धार्मिक एवं व्यापारिक केन्द्र के रूप में विकसित हुई। यह मध्यकालीन भारत में नगरीकरण, आर्थिक गतिविधियों तथा सामुदायिक विकास में धार्मिक संस्थाओं की भूमिका को दर्शाता है।
  • सिख धार्मिक साहित्य (Sikh Religious Literature)- गुरु राम दास जी ने अपनी वाणियों के माध्यम से सिख धार्मिक साहित्य को समृद्ध किया, जिन्हें बाद में गुरु ग्रन्थ साहिब में संकलित किया गया। उनके द्वारा रचित चार 'लावाँ' सिख विवाह संस्कार 'आनन्द कारज' का महत्त्वपूर्ण अंग बनीं। उनकी रचनाओं में आध्यात्मिक भक्ति, विनम्रता, नैतिक आचरण तथा जीवात्मा एवं परमात्मा के सम्बन्ध पर विशेष बल दिया गया है।
  • सामाजिक सुधार एवं समानता (Social Reform and Equality)- गुरु राम दास जी ने सेवा (निःस्वार्थ सेवा), विनम्रता एवं सामूहिक कल्याण के सिद्धान्तों के माध्यम से सामाजिक समानता को प्रोत्साहित किया। उनकी शिक्षाओं ने जातिगत भेदभाव का विरोध किया तथा सामाजिक पृष्ठभूमि से परे प्रत्येक व्यक्ति की मानवीय गरिमा को महत्त्व दिया। इन आदर्शों ने सिख परम्परा में समावेशी सामुदायिक भागीदारी एवं मानवता की सेवा की भावना को सुदृढ़ किया।
  • सांस्कृतिक विरासत (Cultural Heritage)- गुरु राम दास जी ने अमृतसर को सिख धर्म की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान के प्रमुख केन्द्र के रूप में विकसित करने की आधारशिला रखी। उनके द्वारा प्रारम्भ कराए गए अमृत सरोवर का निर्माण बाद में गुरु अर्जन देव जी के कार्यकाल में पूरा हुआ और यह हरमन्दिर साहिब से जुड़ा प्रमुख पवित्र स्थल बना। अमृतसर का विकास धार्मिक परम्पराओं, पवित्र स्थापत्य, नगरीय विस्तार तथा सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के बीच ऐतिहासिक अन्तर्सम्बन्धों को दर्शाता है।

 

अभ्यास प्रश्न 

प्रश्न. अमृतसर नगर से सम्बन्धित अमृत सरोवर की खुदाई किस सिख गुरु ने प्रारम्भ कराई थी?

(A) गुरु अंगद देव
(B) गुरु अमर दास
(C) गुरु राम दास
(D) गुरु हरगोबिन्द

उत्तर-(C) 

व्याख्या- गुरु राम दास जी ने अमृत सरोवर की खुदाई प्रारम्भ कराई थी। बाद में गुरु अर्जन देव जी के कार्यकाल में इस सरोवर का निर्माण पूरा हुआ।

 

SHORT NEWS 

पश्चिम बंगाल में CAA के अन्तर्गत 2·5 लाख आवेदकों को नागरिकता देने का लक्ष्य

 

  • पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेन्दु अधिकारी ने 1 नवम्बर, 2026 को उत्तर 24 परगना के ठाकुरनगर में आयोजित अन्तर्राष्ट्रीय मतुआ गोसाईं सम्मेलन में घोषणा की कि नागरिकता (संशोधन) अधिनियम (CAA) के अन्तर्गत लगभग 2·5 लाख लम्बित आवेदनों की सुनवाई पूरी कर 31 दिसम्बर, 2026 तक नागरिकता प्रमाण-पत्र प्रदान करने का लक्ष्य है। 
  • उनके अनुसार राज्य में लगभग 25,000 आवेदकों को पहले ही नागरिकता प्रमाण-पत्र मिल चुके हैं। उन्होंने मतुआ समुदाय के विकास के लिए ₹50 करोड़ देने की भी घोषणा की। 2·5 लाख का आँकड़ा घोषित लक्ष्य है, अब तक दी गई नागरिकता की संख्या नहीं।

 

भूटान में 108 स्तूपों का प्रतिष्ठापन; स्तूप संख्या 76 प्रधानमंत्री मोदी को समर्पित

 

  • भूटान के राजा जिग्मे खेसर नामग्याल वांगचुक की पहल पर 1 नवम्बर, 2026 को गेलेफू माइंडफुलनेस सिटी में 108 बौद्ध स्तूपों की स्थापना एवं प्रतिष्ठापन का आयोजन हुआ। 
  • प्रत्येक स्तूप की ऊँचाई 15 मीटर है तथा इनके बीच 108 मीटर की दूरी रखी गई है। ये असम सीमा के निकट आइ (माउ) नदी के किनारे लगभग 11·7 किमी क्षेत्र में स्थित हैं। 
  • भूटान के राजा ने स्तूप संख्या 76 भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को समर्पित किया। समारोह में भारत का प्रतिनिधित्व केन्द्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने किया।

 

बंगाल की खाड़ी में गंभीर चक्रवाती तूफान ‘मुरासु’

 

  • भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार 1 नवम्बर, 2026 को दक्षिण-पश्चिम एवं उससे सटी पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में ‘मुरासु’ नामक चक्रवाती तूफान स्थित था। 
  • 2 नवम्बर की विभागीय विज्ञप्ति में इसे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी पर ‘गंभीर चक्रवाती तूफान’ बताया गया। IMD ने आन्ध्र प्रदेश तथा उससे सटे उत्तरी तमिलनाडु तट के लिए चक्रवात सम्बन्धी चेतावनी जारी की।

 

HYLO Open 2026 : पी. वी. सिन्धु एवं लक्ष्य सेन ने एकल खिताब जीते

 

  • जर्मनी के सारब्रुकेन में 1 नवम्बर, 2026 को सम्पन्न HYLO Open बैडमिण्टन प्रतियोगिता में भारत की पी. वी. सिन्धु ने महिला एकल और लक्ष्य सेन ने पुरुष एकल खिताब जीता। 
  • सिन्धु ने फाइनल में डेनमार्क की लाइन होयमार्क क्यैर्सफेल्ट को 21–12, 21–14 से हराकर यह खिताब जीतने वाली पहली भारतीय महिला बनने की उपलब्धि हासिल की।  
  • लक्ष्य सेन ने इण्डोनेशिया के जोनाथन क्रिस्टी को 21–17, 21–10 से हराया और दूसरी बार HYLO Open पुरुष एकल खिताब जीता।

 

प्रसार भारती के नोंगमैथेम नन्दकुमार सिंह को ABU प्रसारण अभियांत्रिकी पुरस्कार

 

  • प्रसार भारती से जुड़े नोंगमैथेम नन्दकुमार सिंह को प्रसारण अभियांत्रिकी एवं नवाचार में योगदान के लिए ‘ABU Broadcast Engineering Excellence Award 2026’ प्रदान किया गया। उनके प्रमुख नवाचारों में दूरदर्शन केन्द्रों में उपयोग किया जाने वाला स्वदेशी स्वचालित प्लेआउट सॉफ्टवेयर ‘DDPlayout’ तथा कम लागत वाली स्लो-मोशन रिप्ले प्रणाली ‘DDSlowMo’ शामिल हैं। 
  • पुरस्कार प्रदान करने वाली संस्था एशिया-पैसिफिक ब्रॉडकास्टिंग यूनियन (ABU) की 63वीं महासभा एवं सम्बन्धित बैठकें 30 अक्टूबर से 3 नवम्बर, 2026 तक कोलम्बो में निर्धारित थीं।

 

दिनेश विट्ठलराव गणवीर बने GSI के 55वें महानिदेशक

 

  • दिनेश विट्ठलराव गणवीर ने 1 नवम्बर, 2026 को भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (GSI) के 55वें महानिदेशक का कार्यभार सँभाला। GSI केन्द्रीय खान मंत्रालय का सम्बद्ध कार्यालय है। 
  • गणवीर ने 1 जुलाई, 1994 को GSI में कार्य प्रारम्भ किया था तथा उनके पास भूवैज्ञानिक अन्वेषण, खनिज खोज एवं अभियांत्रिकी भूविज्ञान में 32 वर्ष से अधिक का अनुभव है। महानिदेशक बनने से पहले वे नागपुर स्थित केन्द्रीय क्षेत्र में अपर महानिदेशक एवं विभागाध्यक्ष थे।

 

पत्रकारों के विरुद्ध अपराधों में दण्डमुक्ति समाप्त करने का अन्तर्राष्ट्रीय दिवस : 2 नवम्बर

 

  • पत्रकारों के विरुद्ध अपराधों में दण्डमुक्ति समाप्त करने का अन्तर्राष्ट्रीय दिवस प्रतिवर्ष 2 नवम्बर को मनाया जाता है। संयुक्त राष्ट्र महासभा ने वर्ष 2013 में प्रस्ताव A/RES/68/163 के माध्यम से यह दिवस घोषित किया था। 
  • इसकी तिथि 2 नवम्बर, 2013 को माली में दो फ्रांसीसी पत्रकारों की हत्या की स्मृति में चुनी गई। 
  • UNESCO के अनुसार वर्ष 2006–2025 के दौरान विश्व में 1,600 से अधिक पत्रकार मारे गए तथा इनके लगभग प्रत्येक सात में से छह मामलों का न्यायिक समाधान नहीं हुआ।