Current Affairs - Daily
14 नवमबर 2026
जलवायु परिवर्तन प्रदर्शन सूचकांक 2026: भारत 28वें स्थान पर
जलवायु परिवर्तन प्रदर्शन सूचकांक 2026 में भारत 28वें स्थान पर रहा। जानें शीर्ष देश, सूचकांक के चार मानदंड, भारत की उपलब्धियाँ, चुनौतियाँ और जलवायु लक्ष्य।
चर्चा में क्यों?
- नवंबर 2026 में तुर्किये के अंताल्या में आयोजित COP31 के दौरान जारी जलवायु परिवर्तन प्रदर्शन सूचकांक की नई रैंकिंग में भारत 28वें स्थान पर रहा। यह पिछले वर्ष के 23वें स्थान से पाँच स्थान नीचे है।
- सूचकांक में 64 देशों और यूरोपीय संघ का आकलन किया गया, जो सामूहिक रूप से वैश्विक ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन के 90% से अधिक के लिए जिम्मेदार हैं।
सूचकांक के बारे में
- जलवायु परिवर्तन प्रदर्शन सूचकांक (CCPI) वर्ष 2005 से प्रकाशित किया जा रहा है। इसे Germanwatch, NewClimate Institute और Climate Action Network International संयुक्त रूप से तैयार करते हैं।
- इसमें चार मानदंडों का उपयोग होता है—ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन (40%), नवीकरणीय ऊर्जा (20%), ऊर्जा उपयोग (20%) और जलवायु नीति (20%)।
वैश्विक रैंकिंग
- किसी देश को अत्यंत उच्च प्रदर्शन श्रेणी प्राप्त नहीं होने के कारण पहले तीन स्थान रिक्त रखे गए।
- डेनमार्क चौथे स्थान पर रहकर सर्वोच्च रैंक वाला देश बना। लिथुआनिया पाँचवें और लक्जमबर्ग छठे स्थान पर रहे।
भारत का प्रदर्शन
- भारत को समग्र रूप से मध्यम प्रदर्शन श्रेणी में रखा गया।
- जलवायु नीति में भारत 13वें, ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन में 31वें, ऊर्जा उपयोग में 33वें और नवीकरणीय ऊर्जा में 40वें स्थान पर रहा।
- रिपोर्ट में इलेक्ट्रिक वाहनों, औद्योगिक ऊर्जा दक्षता और नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता विस्तार की प्रगति को स्वीकार किया गया।
- हालांकि, ऊर्जा भंडारण, विद्युत पारेषण और वितरण अवसंरचना की सीमाएँ प्रमुख चुनौतियाँ बनी हुई हैं।
भारत की जलवायु प्रतिबद्धताएँ
- जून 2025 में भारत की कुल स्थापित विद्युत क्षमता में गैर-जीवाश्म स्रोतों की हिस्सेदारी 50% तक पहुँच गई थी।
- भारत का दीर्घकालिक लक्ष्य वर्ष 2070 तक शुद्ध-शून्य उत्सर्जन प्राप्त करना है।
- यह सूचकांक पेरिस समझौते के अनुरूप जलवायु कार्रवाई की प्रगति का मूल्यांकन करने में उपयोगी है।
बहुविकल्पीय प्रश्न (MCQ)
प्रश्न: जलवायु परिवर्तन प्रदर्शन सूचकांक (CCPI) के संदर्भ में निम्नलिखित कथनों पर विचार कीजिए—
- यह सूचकांक Germanwatch, NewClimate Institute और Climate Action Network International द्वारा संयुक्त रूप से तैयार किया जाता है।
- इसमें ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन को सर्वाधिक 40% भारांक दिया जाता है।
- नवीनतम रैंकिंग में डेनमार्क प्रथम स्थान पर रहा।
- भारत को समग्र रूप से मध्यम प्रदर्शन श्रेणी में रखा गया है।
उपर्युक्त कथनों में से कौन-से सही हैं?
(A) केवल 1 और 2
(B) केवल 1, 2 और 4
(C) केवल 2, 3 और 4
(D) 1, 2, 3 और 4
उत्तर: (B)
व्याख्या:
- कथन 1 सही है। यह सूचकांक तीनों संस्थाओं के सहयोग से प्रकाशित होता है।
- कथन 2 सही है। ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन को 40% तथा शेष तीन श्रेणियों को 20-20% भारांक दिया जाता है।
- कथन 3 गलत है। पहले तीन स्थान रिक्त हैं। डेनमार्क चौथे स्थान पर सर्वोच्च रैंक वाला देश है।
- कथन 4 सही है। भारत को समग्र रूप से मध्यम प्रदर्शन श्रेणी प्राप्त हुई है।