वनों में जैव-संदीप्ति — जुगनू कैसे चमकते हैं ?
वनों में जैव-संदीप्ति : जुगनू एवं प्रकाश उत्सर्जक जीव
कुछ जीवों द्वारा अपने शरीर में होने वाली जैव-रासायनिक अभिक्रियाओं के माध्यम से प्रकाश उत्पन्न करने की प्रक्रिया को जैव-संदीप्ति (बायोल्यूमिनेसेंस) कहते हैं.

- यह विशेषता जुगनुओं, कुछ कवकों, जीवाणुओं तथा समुद्री जीवों में पाई जाती है. इसमें रासायनिक ऊर्जा प्रकाश ऊर्जा में परिवर्तित होती है तथा बहुत कम ऊष्मा उत्पन्न होती है.
जुगनू एवं उनकी प्रमुख विशेषताएँ
- जुगनू लैम्पाइरिडी कुल तथा कोलियोप्टेरा गण के अन्तर्गत आने वाले कीट हैं.
- इनके उदर में विशेष प्रकाश उत्पादक अंग पाए जाते हैं.
- इनमें ल्यूसिफेरिन नामक पदार्थ, ल्यूसिफेरेज एंजाइम, ऑक्सीजन तथा एडिनोसिन ट्राइफॉस्फेट की सहायता से प्रकाश उत्पन्न होता है.
- जुगनू प्रकाश का प्रयोग मुख्यतः प्रजनन, संचार, साथी को आकर्षित करने तथा शिकारियों को चेतावनी देने के लिए करते हैं.
- इनके जीवन चक्र में अण्डा, लार्वा, प्यूपा तथा वयस्क अवस्थाएँ सम्मिलित हैं.
भारत में जैव-संदीप्ति
- भारत के पश्चिमी घाट, पूर्वोत्तर राज्यों तथा अन्य आर्द्र वन क्षेत्रों में जुगनुओं की विभिन्न प्रजातियाँ पाई जाती हैं. महाराष्ट्र के भंडारदरा, पुरुषवाड़ी तथा राधानगरी क्षेत्र जुगनुओं के लिए प्रसिद्ध हैं.
- पश्चिमी घाट तथा मेघालय के वन क्षेत्रों में प्रकाश उत्सर्जक कवक भी पाए जाते हैं. समुद्री पारिस्थितिकी तन्त्र में नॉक्टिलुका सिंटिलैन्स जैसे सूक्ष्मजीव जैव-संदीप्ति के लिए जाने जाते हैं.
पारिस्थितिक एवं वैज्ञानिक महत्व
- जुगनुओं की विविधता एवं उपस्थिति स्थानीय पारिस्थितिक स्वास्थ्य के आकलन में सहायक हो सकती है. इनके लार्वा घोंघों तथा अन्य छोटे अकशेरुकी जीवों का भक्षण करते हैं.
- जैव-संदीप्ति का उपयोग जैव-प्रौद्योगिकी, चिकित्सा अनुसंधान, जीन अभिव्यक्ति के अध्ययन तथा औषधियों के परीक्षण में भी किया जाता है.
प्रमुख खतरे एवं संरक्षण
- प्राकृतिक आवासों का विनाश, कीटनाशकों का अत्यधिक प्रयोग, प्रकाश प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन तथा अनियन्त्रित पर्यटन जुगनुओं के अस्तित्व के लिए प्रमुख खतरे हैं.
- कृत्रिम प्रकाश इनके प्रजनन सम्बन्धी प्राकृतिक संकेतों को बाधित करता है. इनके संरक्षण के लिए प्राकृतिक आवासों की सुरक्षा, रात्रिकालीन प्रकाश प्रदूषण पर नियन्त्रण तथा उत्तरदायी पारिस्थितिक पर्यटन को प्रोत्साहित करना आवश्यक है
अभ्यास प्रश्न
प्रश्न - जुगनुओं में जैव-संदीप्ति के दौरान मुख्य रूप से कौनसा ऊर्जा परिवर्तन होता है ?
A) प्रकाश ऊर्जा का रासायनिक ऊर्जा में परिवर्तन
B) रासायनिक ऊर्जा का प्रकाश ऊर्जा में परिवर्तन
C) ऊष्मीय ऊर्जा का रासायनिक ऊर्जा में परिवर्तन
D) यान्त्रिक ऊर्जा का प्रकाश ऊर्जा में परिवर्तन
उत्तर - (B)
व्याख्या - जैव-संदीप्ति में जीव के भीतर होने वाली जैव-रासायनिक अभिक्रियाएँ रासायनिक ऊर्जा को प्रकाश ऊर्जा में बदलती हैं. इस प्रक्रिया में बहुत कम ऊष्मा उत्पन्न होती है. जुगनुओं के अलावा यह विशेषता कुछ कवकों, जीवाणुओं और समुद्री जीवों में भी पाई जाती है.