RWA Civil Services
Current Affairs - Daily 20 नवमबर 2026

एशियाई हाथी-सामाजिक सम्बन्धों का टूटना संरक्षण की नई चुनौती

एशियाई हाथी-सामाजिक सम्बन्धों का टूटना संरक्षण की नई चुनौती

चर्चा में क्यों ?

  • नवम्बर 2026 में प्रकाशित एक अध्ययन में श्रीलंका के उडावलवे राष्ट्रीय उद्यान में 443 हथिनियों के आपसी सम्बन्धों का 12 वर्षों तक अध्ययन किया गया. शोधकर्ताओं ने पाया कि समय के साथ कुछ हथिनियों का अपने पुराने साथियों से मिलना कम हुआ और पहले से जुड़े समुदाय छोटे, अलग-थलग समूहों में बँट गए.
  • ‘टिपिंग पॉइंट’ का अर्थ - हाथियों के समूहों का कुछ समय के लिए अलग होना और फिर मिलना उनके सामान्य व्यवहार का हिस्सा है. चिन्ता तब होती है जब पुराने सम्बन्ध इतनी तेजी से टूटें कि नए सम्बन्ध उनकी भरपाई न कर सकें. अध्ययन में ऐसे निर्णायक मोड़ की सम्भावना सामने आई, जहाँ अस्थायी बिखराव लम्बे अलगाव में बदल सकता है.
  • अध्ययन की सीमा - किसी हथिनी के दोबारा दिखाई न देने के दो सम्भावित कारण हैं-उसकी मृत्यु या उसका स्थायी रूप से दूसरे क्षेत्र में चले जाना. इसलिए स्थानीय आबादी में कमी का अनुमान लगाने के लिए सामाजिक सम्पर्कों के साथ जन्म, मृत्यु और आवागमन के आँकड़े भी आवश्यक हैं. अध्ययन के निष्कर्ष श्रीलंका की एक आबादी से सम्बन्धित हैं.

प्रजाति, आवास और सामाजिक जीवन

  • वैज्ञानिक नाम और विस्तार - एशियाई हाथी का वैज्ञानिक नाम Elephas maximus है. यह दक्षिण और दक्षिण-पूर्व एशिया के 13 देशों में पाया जाता है. इसके प्राकृतिक आवासों में घास के मैदान, झाड़ीदार क्षेत्र तथा सदाबहार और पर्णपाती वन शामिल हैं.
  • उप-प्रजातियाँ - भारतीय (E. m. indicus), श्रीलंकाई (E. m. maximus) और सुमात्राई (E. m. sumatranus) हाथियों के अतिरिक्त बोर्नियाई हाथी (E. m. borneensis) का भी अलग उप-प्रजाति के रूप में संरक्षण आकलन किया गया है. वर्ष 2024 में बोर्नियाई हाथी को संकटग्रस्त श्रेणी में सूचीबद्ध किया गया.
  • सामाजिक सम्बन्धों का महत्त्व - हथिनियों के आपसी सम्पर्क भोजन खोजने, अनुभव साझा करने और बच्चों की देखभाल में सहायक होते हैं. समूहों के लम्बे समय तक अलग रहने से कम उम्र के हाथियों को अनुभवी सदस्यों से सीखने के अवसर घट सकते हैं.

भारत में स्थिति और संरक्षण

  • भारत की हिस्सेदारी - विश्व के जंगली एशियाई हाथियों की अनुमानित आबादी का लगभग 60% भारत में पाया जाता है. इसलिए भारत में इनके आवास और आवागमन मार्गों की सुरक्षा का महत्त्व वैश्विक स्तर पर भी है.
  • संरक्षण स्थिति - एशियाई हाथी आईयूसीएन की लाल सूची में संकटग्रस्त (Endangered) है. भारत में इसे वन्य जीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 की अनुसूची-I के तहत् संरक्षण प्राप्त है. यह साइट्स (CITES) के परिशिष्ट-I में भी शामिल है, जिसके तहत् इसका अन्तर्राष्ट्रीय वाणिज्यिक व्यापार सामान्यतः प्रतिबन्धित है.
  • हाथी गलियारे - वर्ष 2023 में भारत के 15 राज्यों में 150 हाथी गलियारे चिह्नित किए गए. ये मार्ग अलग-अलग आवासों को जोड़ते हैं और हाथियों को भोजन तथा पानी तक पहुँचने में सहायता देते हैं. खुले गलियारे विभिन्न समूहों के बीच सम्पर्क बनाए रखने में भी सहायक हो सकते हैं.
  • संरक्षण की दिशा - हाथियों की गणना के साथ यह भी दर्ज करना उपयोगी होगा कि कौनसे समूह नियमित रूप से मिलते हैं, किन गलियारों का उपयोग घट रहा है और किन स्थानों पर मानव-हाथी संघर्ष बार-बार होता है. इससे सुरक्षित आवागमन बहाल करने के लिए प्राथमिकता वाले क्षेत्रों की पहचान की जा सकेगी.

अभ्यास प्रश्न

प्रश्न. एशियाई हाथियों के सामाजिक जीवन में ‘टिपिंग पॉइंट’ की सम्भावना का सबसे उपयुक्त संकेत कौनसा है ?

(A) भोजन की तलाश में हथिनियों का कुछ समय के लिए अलग होना और फिर अपने समूह में लौट आना.
 (B) पुराने सामाजिक सम्बन्ध टूटते जाना और पर्याप्त नए सम्बन्ध न बनने से समूहों का लम्बे समय तक अलग-थलग रहना.
 (C) शुष्क मौसम में कई समूहों का एक ही जलस्रोत पर एकत्र होना.
 (D) एक वन क्षेत्र से दूसरे वन क्षेत्र तक पहुँचने के लिए हाथियों का गलियारे से गुजरना.

उत्तर-(B)

व्याख्या- सामाजिक बिखराव को समझने के लिए यह देखना आवश्यक है कि अलग हुए समूहों के बीच दोबारा सम्पर्क स्थापित हो रहा है या नहीं. जब पुराने सम्बन्धों की क्षति की भरपाई नए सम्बन्धों से नहीं हो पाती, तो अनुभव साझा करने और बच्चों की सामूहिक देखभाल के अवसर घट सकते हैं.