RWA Civil Services
Current Affairs - Daily 26 नवमबर 2026

जलवायु आपदाओं का खर्च कौन उठाएगा ? संघ और राज्यों की भूमिका

चर्चा में क्यों ? 

  • अमेरिकी सर्वोच्च न्यायालय ने कोलोराडो के बोल्डर नगर और काउंटी से जुड़े एक मामले की सुनवाई की। प्रश्न यह था कि क्या स्थानीय निकाय जलवायु परिवर्तन से हुई क्षति की भरपाई के लिए राज्य के कानून के तहत जीवाश्म ईंधन कम्पनियों के विरुद्ध मुकदमा चला सकते हैं। 

  • भारत में सितम्बर, 2026 में सिक्किम उच्च न्यायालय ने भी जलवायु आपदाओं से निपटने की राज्य की तैयारियों पर स्वतः संज्ञान लिया। नवम्बर की सुनवाई में राज्य की 40 उच्च जोखिम वाली हिमनदीय झीलों की निगरानी और पूर्व चेतावनी व्यवस्था पर विचार हुआ।

संघ और राज्यों की शक्तियाँ

  • संविधान का अनुच्छेद 253 संसद को अन्तर्राष्ट्रीय संधियों, समझौतों और सम्मेलनों के निर्णयों को लागू करने के लिए कानून बनाने की शक्ति देता है। यह शक्ति राज्य सूची के विषयों तक भी विस्तृत है। पर्यावरण (संरक्षण) अधिनियम, 1986 की प्रस्तावना में जून, 1972 के स्टॉकहोम मानव पर्यावरण सम्मेलन के निर्णयों का उल्लेख है। 
  • कर-वितरण के सन्दर्भ में अनुच्छेद 270 के अनुसार संसद द्वारा किसी विशिष्ट प्रयोजन के लिए लगाए गए उपकर और अनुच्छेद 271 के अधीन लगाए गए अधिभार संघ तथा राज्यों के बीच बाँटे जाने वाले करों से बाहर रहते हैं।

आपदा राहत और पुनर्निर्माण का वित्तपोषण

  • आपदा प्रबन्धन अधिनियम, 2005 की धारा 46 राष्ट्रीय आपदा मोचन निधि और धारा 48 राज्य तथा जिला स्तर की निधियों से सम्बन्धित है। आपदा के समय तत्काल राहत और उसके बाद पुनर्निर्माण के लिए सहायता अलग-अलग मदों से मिलती है। 
  • केरलम के वायनाड में 30 जुलाई, 2024 के भूस्खलन के बाद केन्द्र ने पुनर्बहाली और पुनर्निर्माण के लिए ₹260·56 करोड़ की सहायता स्वीकृत की। इसके अतिरिक्त, पूँजीगत निवेश की विशेष सहायता योजना के तहत केरलम को ₹529·50 करोड़ उपलब्ध कराए गए। हिमाचल प्रदेश में 2023 की मानसूनी आपदाओं के बाद स्वीकृत पुनर्निर्माण योजना की कुल राशि ₹2,006·40 करोड़ थी। इसमें राष्ट्रीय आपदा मोचन निधि से केन्द्र का हिस्सा ₹1,504·80 करोड़ था।

प्रदूषक का दायित्व और नागरिकों का अधिकार

  • वेल्लोर सिटिजन्स वेलफेयर फोरम बनाम भारत संघ (1996) में सर्वोच्च न्यायालय ने ‘पूर्व-सावधानी’ और ‘प्रदूषक भुगतान करे’ सिद्धान्तों को भारतीय पर्यावरण विधि का अंग माना। प्रदूषक के दायित्व में प्रभावित लोगों को मुआवजा देना और क्षतिग्रस्त पर्यावरण की बहाली का खर्च उठाना शामिल है। 
  • राष्ट्रीय हरित अधिकरण अधिनियम, 2010 की धारा 15 अधिकरण को मुआवजा और पर्यावरण की बहाली का आदेश देने की शक्ति देती है। एम. के. रणजीतसिंह बनाम भारत संघ (2024) में सर्वोच्च न्यायालय ने अनुच्छेद 14 और 21 के अन्तर्गत जलवायु परिवर्तन के प्रतिकूल प्रभावों से सुरक्षा के अधिकार को मान्यता दी।

अभ्यास प्रश्न

प्रश्न : निम्नलिखित कथनों पर विचार कीजिए।

  1. अनुच्छेद 253 के अधीन संसद किसी अन्तर्राष्ट्रीय समझौते को लागू करने के लिए राज्य सूची के विषय पर कानून बना सकती है।
  2. संसद द्वारा किसी विशिष्ट प्रयोजन के लिए लगाया गया उपकर अनुच्छेद 270 के अधीन संघ और राज्यों के बीच विभाजित होता है।
  3. सर्वोच्च न्यायालय ने जलवायु परिवर्तन के प्रतिकूल प्रभावों से सुरक्षा के अधिकार को अनुच्छेद 14 और 21 से सम्बद्ध माना है।

उपर्युक्त कथनों में से कौन-से सही हैं ?

(a) केवल 1 और 2
 (b) केवल 2 और 3
 (c) केवल 1 और 3
 (d) 1, 2 और 3

उत्तर : (c)