RWA Civil Services
Current Affairs - Daily 25 नवमबर 2026

राज्य का नाम परिवर्तन : पश्चिम बंगाल से ‘पश्चिमबंग’ तक

चर्चा में क्यों ?

  • पश्चिम बंगाल के मंत्रिमण्डल ने 23 नवम्बर, 2026 को राज्य का अंग्रेजी नाम ‘West Bengal’ से बदलकर ‘Paschim Banga’ करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी। इसका उद्देश्य अंग्रेजी नाम को बांग्ला में प्रचलित नाम के अनुरूप करना है।

  • प्रदेश के मुख्यमंत्री ने 9 दिसम्बर, 2026 को विधान सभा में इस सम्बन्ध में संकल्प प्रस्तुत करने की घोषणा की। 24 नवम्बर तक नाम परिवर्तन प्रस्ताव के चरण में था।

पहले के प्रयास

  • 2011 में ‘पश्चिमबंग’ नाम प्रस्तावित किया गया था.
  • 2016 में विधान सभा ने बांग्ला में ‘बांग्ला’, अंग्रेजी में ‘Bengal’ और हिन्दी में ‘बंगाल’ नाम सुझाए।
  • 2018 में विधान सभा ने बांग्ला, अंग्रेजी और हिन्दी में एक ही नाम ‘बांग्ला’ अपनाने का संकल्प पारित किया। इन प्रयासों के बाद भी राज्य का आधिकारिक अंग्रेजी नाम ‘West Bengal’ बना रहा।

नाम बदलने की संवैधानिक प्रक्रिया

  • अनुच्छेद 3(ङ) के तहत संसद कानून बनाकर किसी राज्य का नाम बदल सकती है। राज्य सरकार या विधान सभा नाम परिवर्तन की पहल कर सकती है।
  • विधेयक संसद में पेश होने से पहले राष्ट्रपति उसे सम्बन्धित राज्य विधानमण्डल के पास राय देने के लिए भेजते हैं और इसके लिए समय-सीमा तय करते हैं। राज्य विधानमण्डल की राय संसद पर बाध्यकारी नहीं होती।
  • निर्धारित अवधि समाप्त होने के बाद राष्ट्रपति की सिफारिश पर विधेयक लोक सभा या राज्य सभा में पेश किया जा सकता है। दोनों सदनों में उपस्थित और मतदान करने वाले सदस्यों के साधारण बहुमत से पारित होने के बाद विधेयक राष्ट्रपति की मंजूरी के लिए भेजा जाता है।
  • अनुच्छेद 4 के तहत नाम परिवर्तन के लिए पहली अनुसूची और, जहाँ आवश्यक हो, चौथी अनुसूची में बदलाव इसी कानून से किए जा सकते हैं। इसके लिए अनुच्छेद 368 की विशेष संशोधन प्रक्रिया लागू नहीं होती।

नाम परिवर्तन के उदाहरण

  • उत्तरांचल से उत्तराखण्ड — नाम परिवर्तन अधिनियम, 2006।
  • उड़ीसा से ओडिशा — नाम परिवर्तन अधिनियम, 2011।
  • केरल से केरलम — नाम परिवर्तन अधिनियम, 2026। यह 25 अगस्त, 2026 से लागू हुआ।

क्षेत्रीय पहचान और संघवाद

  • राज्य का नाम उसकी भाषायी और सांस्कृतिक पहचान को व्यक्त करता है। पश्चिम बंगाल का प्रस्ताव बांग्ला में प्रचलित नाम को अंग्रेजी में भी आधिकारिक मान्यता दिलाने का प्रयास है।
  • नाम परिवर्तन और क्षेत्रीय पुनर्गठन, दोनों अनुच्छेद 3 के दायरे में आते हैं। नाम परिवर्तन से राज्य का आधिकारिक नाम बदलता है, जबकि क्षेत्रीय पुनर्गठन से उसके क्षेत्रफल या सीमाओं में बदलाव हो सकता है।
  •  नया नाम लागू होने पर सरकारी अभिलेखों, डिजिटल पोर्टलों और प्रचलित कानूनों में उसे अद्यतन करना पड़ता है।

विशेष तथ्य

  • राज्य का नाम बदलने की शक्ति संसद के पास है। (UPPSC प्रारम्भिक परीक्षा 2024 और SSC CGL 2022 )
  • नए राज्य के गठन या सीमा परिवर्तन का विधेयक संसद के दोनों सदनों में साधारण बहुमत से पारित होता है। (CDS-I 2021)
  • राज्यों और प्रदेशों के राजनीतिक एवं प्रशासनिक पुनर्गठन पर पूछे गए प्रश्न के लिए नाम परिवर्तन और क्षेत्रीय पुनर्गठन का भेद उपयोगी है।(UPSC मुख्य परीक्षा 2022, GS-I)

 

अभ्यास प्रश्न

प्रश्न. संविधान के अनुच्छेद 3(ङ) के तहत किसी राज्य का नाम बदलने वाले विधेयक के सम्बन्ध में कौनसा कथन सही है ?

(A) विधेयक केवल लोक सभा में पेश किया जा सकता है।
 (B) विधेयक पेश करने के लिए राष्ट्रपति की सिफारिश आवश्यक है।
 (C) सम्बन्धित राज्य विधानमण्डल की सहमति अनिवार्य है।
 (D) विधेयक अनुच्छेद 368 के तहत विशेष बहुमत से पारित होता है।

उत्तर - (B)