RWA Civil Services
Current Affairs - Daily 28 नवमबर 2026

क्यूबेक का धर्मनिरपेक्षता कानून (बिल 21) — प्रमुख प्रावधान

क्यूबेक का धर्मनिरपेक्षता कानून : धार्मिक स्वतन्त्रता और राज्य की तटस्थता

चर्चा में क्यों ?

  • कनाडा के उच्चतम न्यायालय द्वारा 27 नवम्बर, 2026 को क्यूबेक प्रान्त के विवादास्पद धर्मनिरपेक्षता कानून की संवैधानिक वैधता से जुड़े मामले में निर्णय सुनाया जाना निर्धारित है. वर्ष 2019 में पारित इस कानून में कुछ श्रेणियों के सरकारी कर्मचारियों के लिए कार्य के दौरान धार्मिक प्रतीक धारण करने पर प्रतिबन्ध लगाया गया है.
  • इस मामले ने धार्मिक स्वतन्त्रता, व्यक्तिगत अधिकारों, राज्य की धार्मिक तटस्थता तथा संघीय व्यवस्था में प्रान्तीय सरकारों की शक्तियों से सम्बन्धित बहस को नई दिशा दी है.

क्यूबेक धर्मनिरपेक्षता कानून की प्रमुख विशेषताएँ

  • क्यूबेक कनाडा का फ्रेंच भाषी बहुल प्रान्त है, जहाँ ऐतिहासिक रूप से कैथोलिक चर्च का सार्वजनिक जीवन पर व्यापक प्रभाव रहा है. वर्ष 1960 के दशक की शान्त क्रान्ति के दौरान शिक्षा, स्वास्थ्य एवं प्रशासन में धार्मिक संस्थाओं के प्रभाव को कम करने की प्रक्रिया तेज हुई.
  • वर्ष 2019 में पारित राज्य की धर्मनिरपेक्षता सम्बन्धी कानून (बिल-21) के प्रमुख प्रावधान निम्नलिखित हैं-
  • राज्य की धार्मिक तटस्थता, धर्म एवं राज्य के पृथक्करण तथा नागरिकों की समानता सुनिश्चित करना.
  • न्यायाधीशों, पुलिस अधिकारियों एवं सरकारी विद्यालयों के शिक्षकों सहित कुछ श्रेणियों के कर्मचारियों के लिए कार्य के दौरान धार्मिक प्रतीक धारण करने पर प्रतिबन्ध.
  • सरकारी सेवाएँ प्रदान करने वाले कर्मचारियों के लिए चेहरा खुला रखने तथा कुछ परिस्थितियों में सेवाएँ प्राप्त करने वाले नागरिकों के लिए भी ऐसी व्यवस्था.

संवैधानिक विवाद

  • कनाडा के अधिकारों एवं स्वतन्त्रताओं के चार्टर की धारा 33 में एक विशेष प्रावधान है, जिसे अधिभावी खण्ड (नॉटविथस्टैंडिंग क्लॉज) कहा जाता है. इसके अन्तर्गत संघीय संसद तथा प्रान्तीय विधानमंडल कुछ संवैधानिक अधिकारों के बावजूद कानून लागू कर सकते हैं. इस प्रावधान की वैधता अधिकतम 5 वर्ष होती है, हालाँकि इसका नवीनीकरण किया जा सकता है.
  • क्यूबेक सरकार ने धार्मिक स्वतन्त्रता एवं समानता के अधिकार के आधार पर सम्भावित कानूनी चुनौतियों से कानून को संरक्षण प्रदान करने के लिए इस प्रावधान का प्रयोग किया. फरवरी 2024 में क्यूबेक के अपीलीय न्यायालय ने कानून के अधिकांश प्रावधानों को बरकरार रखा था.
  • कानून के समर्थक इसे राज्य की धार्मिक तटस्थता सुनिश्चित करने का माध्यम मानते हैं, जबकि विरोधियों का तर्क है कि इससे विशेष रूप से धार्मिक अल्पसंख्यकों की व्यक्तिगत स्वतन्त्रता एवं रोजगार के अवसर प्रभावित होते हैं.

भारतीय सन्दर्भ में धर्मनिरपेक्षता

  • भारतीय धर्मनिरपेक्षता का स्वरूप क्यूबेक और फ्रांस में प्रचलित धर्मनिरपेक्षता के स्वरूप से भिन्न है. भारतीय व्यवस्था धर्म एवं राज्य के पूर्ण पृथक्करण के बजाय सभी धर्मों के प्रति समान व्यवहार तथा धार्मिक स्वतन्त्रता के संरक्षण पर बल देती है. सामाजिक सुधार एवं समानता सुनिश्चित करने के लिए राज्य धार्मिक गतिविधियों से जुड़े लौकिक मामलों में हस्तक्षेप भी कर सकता है.
  • 42वें संविधान संशोधन अधिनियम, 1976 द्वारा संविधान की प्रस्तावना में ‘पंथनिरपेक्ष’ शब्द जोड़ा गया. हालाँकि धर्मनिरपेक्षता के मूल तत्व प्रारम्भ से ही भारतीय संविधान में विद्यमान थे.

धर्मनिरपेक्षता से सम्बन्धित प्रमुख संवैधानिक प्रावधान

अनुच्छेदप्रावधान
14विधि के समक्ष समानता
15धर्म सहित निर्दिष्ट आधारों पर भेदभाव का निषेध
16लोक नियोजन में अवसर की समानता
25अन्तःकरण एवं धर्म को मानने, आचरण करने और प्रचार करने की स्वतन्त्रता
26धार्मिक कार्यों के प्रबन्धन की स्वतन्त्रता
27किसी विशिष्ट धर्म की अभिवृद्धि के लिए कर देने से स्वतन्त्रता
28कुछ शिक्षण संस्थाओं में धार्मिक शिक्षा या उपासना में उपस्थित होने से स्वतन्त्रता

एस. आर. बोम्मई बनाम भारत संघ (1994) मामले में उच्चतम न्यायालय ने धर्मनिरपेक्षता को संविधान के मूल ढाँचे का हिस्सा माना. कनाडा की धारा 33 जैसा सामान्य अधिभावी प्रावधान भारतीय संविधान में नहीं है. भारत में मूल अधिकारों का उल्लंघन करने वाले कानूनों की न्यायिक समीक्षा की जा सकती है.

आगे की राह एवं निष्कर्ष

  • भारत जैसे बहुधार्मिक एवं बहुसांस्कृतिक देश में राज्य की धार्मिक तटस्थता और व्यक्तिगत धार्मिक स्वतन्त्रता के बीच सन्तुलन आवश्यक है. धार्मिक अभिव्यक्ति पर प्रतिबन्ध लगाते समय उसकी आवश्यकता, आनुपातिकता तथा संवैधानिक वैधता का परीक्षण किया जाना चाहिए. 
  • धर्मनिरपेक्षता का उद्देश्य धार्मिक विविधता को समाप्त करना नहीं, बल्कि समानता, सामाजिक सद्भाव और नागरिक अधिकारों का संरक्षण सुनिश्चित करना होना चाहिए.

अभ्यास प्रश्न 

प्रश्न - भारतीय संविधान के अनुच्छेदों को उनसे सम्बन्धित प्रावधानों से सुमेलित कीजिए.

सूची–I (अनुच्छेद)सूची–II (प्रावधान)
a. अनुच्छेद 251. धार्मिक कार्यों के प्रबन्धन की स्वतन्त्रता
b. अनुच्छेद 262. किसी विशिष्ट धर्म की अभिवृद्धि के लिए कर देने से स्वतन्त्रता
c. अनुच्छेद 273. कुछ शिक्षण संस्थाओं में धार्मिक शिक्षा या उपासना में अनिवार्य उपस्थिति से स्वतन्त्रता
d. अनुच्छेद 284. अन्तःकरण की स्वतन्त्रता तथा धर्म को मानने, उसका आचरण करने और प्रचार करने की स्वतन्त्रता

A) a–1, b–4, c–2, d–3
 B) a–4, b–1, c–2, d–3
 C) a–4, b–2, c–3, d–1
 D) a–3, b–1, c–4, d–2

उत्तर - (B)

व्याख्या - अनुच्छेद 25 अन्तःकरण और धर्म की स्वतन्त्रता से सम्बन्धित है. अनुच्छेद 26 धार्मिक कार्यों के प्रबन्धन का अधिकार देता है. अनुच्छेद 27 किसी विशिष्ट धर्म की अभिवृद्धि के लिए कर देने से स्वतन्त्रता देता है. अनुच्छेद 28 कुछ शिक्षण संस्थाओं में धार्मिक शिक्षा और उपासना से सम्बन्धित है.