RWA Civil Services
Current Affairs - Daily 24 नवमबर 2026

भारत–नेपाल संबंध : बालेन शाह की यात्रा

चर्चा में क्यों?

  • नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह, जिन्हें बालेन शाह के नाम से जाना जाता है, ने 22–23 नवंबर 2026 को भारत की राजकीय यात्रा की। मार्च 2026 में पदभार सँभालने के बाद यह उनकी पहली द्विपक्षीय विदेश यात्रा थी। 23 नवंबर को नई दिल्ली में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से पहली बार आमने-सामने वार्ता की।
  • दोनों प्रधानमंत्रियों ने ‘विकसित भारत और समुन्नत नेपाल’ का संयुक्त दृष्टिपत्र अपनाया। इसमें व्यापार, संपर्क और ऊर्जा के साथ डिजिटल सेवाओं, नवाचार और आपदा प्रबंधन में सहयोग का विस्तार शामिल है।

भारत–नेपाल संबंधों के प्रमुख आयाम

  • व्यापार और निवेश — भारत नेपाल का सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार, प्रमुख पारगमन भागीदार और प्रत्यक्ष विदेशी निवेश का सबसे बड़ा स्रोत है। वित्त वर्ष 2025–26 में द्विपक्षीय वस्तु व्यापार लगभग 9.38 अरब अमेरिकी डॉलर रहा। नेपाल के वस्तु निर्यात का 80 प्रतिशत से अधिक भारत गया। नेपाल को प्राप्त कुल प्रत्यक्ष विदेशी निवेश में भारत की हिस्सेदारी लगभग एक-तिहाई है। द्विपक्षीय व्यापार संधि के तहत नेपाली वस्तुओं को भारतीय बाजार में शुल्क-मुक्त पहुँच मिलती है।
  • पारगमन और संपर्क — भारत ने गुजरात के दीनदयाल बंदरगाह, कांडला, के माध्यम से नेपाल के पारगमन व्यापार के लिए नए मार्ग की घोषणा की। इससे स्थलरुद्ध नेपाल को समुद्री व्यापार का एक अतिरिक्त विकल्प मिलेगा। दोनों नेताओं ने अयोध्या–जनकपुर सीधी रेल सेवा के शुभारंभ का स्वागत किया और काठमांडू–भैरहवा–लखनऊ हवाई मार्ग पर दोनों दिशाओं में उड़ान की अनुमति देने पर सहमति जताई।
  • ऊर्जा, जल और आपदा प्रबंधन — दोनों देशों ने पंचेश्वर तथा सप्तकोशी–सुनकोशी बहुउद्देशीय परियोजनाओं पर काम आगे बढ़ाने पर सहमति जताई। बाढ़ की पूर्व चेतावनी को मजबूत करने के लिए दोनों देश जल और मौसम संबंधी आँकड़े वास्तविक समय में साझा करेंगे।
  • विकास सहायता — भारत ने नेपाल के लिए ₹15,000 करोड़ की विकास सहायता की घोषणा की। इसमें आपदा के बाद पुनर्निर्माण और नई अवसंरचना के लिए ₹3,500 करोड़ का अनुदान तथा ऊर्जा परियोजनाओं के लिए ₹11,500 करोड़ की ऋण सुविधा शामिल है।
  • खुली सीमा और लंबित विवाद — दोनों देश सीमा खुली रखने और सीमा-पार अपराधों के विरुद्ध सहयोग बढ़ाने पर सहमत हुए। कालापानी, लिपुलेख और लिम्पियाधुरा पर मतभेद बने हुए हैं। संयुक्त दृष्टिपत्र में सीमा और जल संबंधी लंबित मुद्दों को आपसी संवाद से सुलझाने की बात कही गई है।

प्रमुख संधियाँ और समझौते

वर्ष

संधि या समझौता

प्रमुख प्रावधान और महत्त्व

1815–1816सुगौली की संधिईस्ट इंडिया कंपनी और नेपाल के बीच दिसंबर 1815 में हस्ताक्षर हुए। मार्च 1816 में अनुमोदित दस्तावेज़ों का आदान-प्रदान हुआ। अनुच्छेद 5 के तहत नेपाल ने काली नदी के पश्चिम के क्षेत्रों पर अपना दावा छोड़ा।
1950शांति और मैत्री संधि31 जुलाई 1950 को हस्ताक्षरित संधि में दोनों देशों ने एक-दूसरे की संप्रभुता, क्षेत्रीय अखंडता और स्वतंत्रता का सम्मान करने पर सहमति जताई। इसमें दोनों देशों के नागरिकों को निवास, व्यापार और आवागमन जैसे विषयों पर पारस्परिक आधार पर समान सुविधाएँ देने का प्रावधान है।
1954कोसी परियोजना समझौताकोसी बैराज और संबंधित संरचनाओं के निर्माण, संचालन और रखरखाव का आधार बना। 1966 में संशोधन हुआ।
1959गंडक परियोजना समझौतागंडक बैराज और संबंधित संरचनाओं के निर्माण, संचालन और रखरखाव का आधार बना। 1964 में संशोधन हुआ।
1996महाकाली संधिमहाकाली नदी के एकीकृत विकास से संबंधित संधि। इसमें शारदा बैराज, टनकपुर बैराज और पंचेश्वर बहुउद्देशीय परियोजना शामिल हैं।
2009द्विपक्षीय व्यापार संधिभारतीय बाजार में नेपाली वस्तुओं की शुल्क-मुक्त पहुँच का आधार। संधि का अक्टूबर 2023 में स्वतः नवीकरण हुआ।
2014विद्युत व्यापार समझौतासीमा-पार बिजली व्यापार, पारेषण प्रणाली को जोड़ने और विद्युत ग्रिड के बीच संपर्क का ढाँचा स्थापित किया।
2023संशोधित पारगमन संधि1 जून 2023 को हस्ताक्षरित संधि नेपाल को सहमत मार्गों के माध्यम से तीसरे देशों के साथ व्यापार के लिए पारगमन सुविधा देती है।
2024दीर्घकालिक विद्युत व्यापार समझौतादस वर्षों में नेपाल से भारत को बिजली निर्यात बढ़ाकर 10,000 मेगावाट तक पहुँचाने का लक्ष्य रखा गया।

बहुविकल्पीय प्रश्न

प्रश्न - भारत–नेपाल संबंधों के संदर्भ में निम्नलिखित कथनों पर विचार कीजिए।

  1. नेपाल के पारगमन व्यापार के लिए घोषित नया मार्ग गुजरात के दीनदयाल बंदरगाह से जुड़ा है।
  2. दीर्घकालिक विद्युत व्यापार समझौते का लक्ष्य दस वर्षों में भारत से नेपाल को बिजली निर्यात बढ़ाकर 10,000 मेगावाट तक पहुँचाना है।
  3. वर्ष 1996 की महाकाली संधि में शारदा बैराज, टनकपुर बैराज और पंचेश्वर बहुउद्देशीय परियोजना शामिल हैं।

उपर्युक्त कथनों में से कौन-से सही हैं?

(A) केवल 1 और 2
 (B) केवल 1 और 3
 (C) केवल 2 और 3
 (D) 1, 2 और 3

उत्तर : (B)

व्याख्या: कथन 1 सही है। दीनदयाल बंदरगाह, कांडला, गुजरात में है। कथन 2 गलत है, क्योंकि 10,000 मेगावाट तक बिजली निर्यात का लक्ष्य नेपाल से भारत की ओर है। कथन 3 सही है। महाकाली संधि में शारदा बैराज, टनकपुर बैराज और पंचेश्वर परियोजना शामिल हैं।