RWA Civil Services
Current Affairs - Daily 24 नवमबर 2026

वायु प्रदूषण : GRAP और दीर्घकालिक समाधान

चर्चा में क्यों?

  • वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) द्वारा दिल्ली–एनसीआर में ग्रैप के तीसरे चरण के प्रतिबंध हटा लेने (पहले और दूसरे चरण के उपाय अभी भी जारी) के कारण यह विषय चर्चा में बना हुआ है इस घटनाक्रम ने आपात प्रतिबंधों की भूमिका और सालभर उत्सर्जन घटाने की जरूरत को फिर चर्चा में ला दिया।

 

 

 

ग्रैप के चार चरण

 

चरणबद्ध प्रतिक्रिया कार्ययोजना (GRAP) दिल्ली के वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) के आधार पर राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) में प्रदूषण नियंत्रण के उपाय तय करती है। नीचे सितंबर 2026 में संशोधित कार्ययोजना के प्रमुख उपाय दिए गए हैं। 

  • चरण I        - 201–300AQI- खराब- निर्माण स्थलों और सड़कों पर धूल नियंत्रण, खुले में कचरा जलाने पर रोक और डीजल जनरेटरों के संचालन का नियमन। 
  • चरण II- 301–400AQI - बहुत खराब- सड़कों की मशीनी सफाई और पानी का छिड़काव बढ़ाना तथा सार्वजनिक परिवहन सेवाओं को सुदृढ़ करना। 
  • चरण ईई 401–450AQI - गंभीर- धूल पैदा करने वाली निर्दिष्ट निर्माण और विध्वंस गतिविधियों पर रोक। दिल्ली और कुछ एनसीआर जिलों में बीएस-III पेट्रोल तथा बीएस-IV डीजल वाले हल्के चारपहिया वाहनों पर प्रतिबंध। 
  • चरण एवं 450 से अधिक        अत्यंत गंभीर- निर्दिष्ट श्रेणियों के ट्रकों के दिल्ली में प्रवेश पर रोक। राजमार्ग जैसी कुछ सार्वजनिक अवसंरचना परियोजनाओं तक निर्माण प्रतिबंधों का विस्तार। 

विशेष नोट 

  • उच्च चरण लागू होने पर पहले के चरणों के उपाय भी जारी रहते हैं।
  •  वायु गुणवत्ता के पूर्वानुमान के आधार पर संबंधित AQI सीमा तक पहुँचने से पहले भी उस चरण के उपाय लागू किए जा सकते हैं।

सर्दियों में प्रदूषण क्यों बढ़ता है?

  • वाहनों और उद्योगों का उत्सर्जन, सड़क व निर्माण की धूल, कचरा जलाना और फसल अवशेष का दहन इसके प्रमुख स्रोत हैं। सर्दियों में धीमी हवाएँ और तापमान प्रतिलोमन प्रदूषकों के फैलाव को सीमित करते हैं। 
  • सल्फर डाइऑक्साइड और नाइट्रोजन ऑक्साइड जैसी गैसें वायुमंडलीय अभिक्रियाओं से द्वितीयक कण भी बनाती हैं। सूक्ष्म कणों (PM₂.₅) के संपर्क से हृदय और श्वसन रोगों का जोखिम बढ़ता है।

ग्रैप की भूमिका और सीमाएँ

  • चरणबद्ध प्रतिक्रिया कार्ययोजना (GRAP) के तहत दिल्ली के AQI और वायु गुणवत्ता के पूर्वानुमान के आधार पर पूरे एनसीआर में उपाय लागू किए जाते हैं। इसके चार चरण हैं। इनमें सड़क की धूल पर नियंत्रण से लेकर अधिक गंभीर स्थिति में कुछ वाहनों तथा निर्माण गतिविधियों पर अस्थायी पाबंदियाँ शामिल हैं। वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग अधिनियम, 2021 की धारा 12 आयोग को निर्देश जारी करने और संबंधित राज्यों की कार्रवाई का समन्वय करने की शक्ति देती है।
  • अस्थायी पाबंदियाँ प्रदूषण के गंभीर दौर में कुछ उत्सर्जनों को तुरंत घटा सकती हैं। विद्यालयों में प्रत्यक्ष कक्षाएँ रोकने से पढ़ाई और काम रोकने से श्रमिकों की आय प्रभावित हो सकती है। ऐसे उपायों की बार-बार जरूरत कम करने के लिए प्रदूषण के स्रोतों पर नियमित कार्रवाई जरूरी है।

सालभर की कार्रवाई में क्या शामिल हो?

  • परिवहन और उद्योग — दिल्ली और पड़ोसी शहरों के बीच बस सेवाएँ बढ़ाने और बसों को मेट्रो से जोड़ने से निजी वाहनों पर निर्भरता घट सकती है। औद्योगिक इकाइयों में स्वच्छ ईंधन की उपलब्धता, उत्सर्जन मानकों का पालन और चिमनियों से निकलने वाले प्रदूषकों की निगरानी साथ-साथ जरूरी हैं।
  • धूल, कचरा और पराली — क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत, निर्माण सामग्री ढकने और मलबे के नियमित उठाव से धूल कम की जा सकती है। नियमित कचरा संग्रह खुले में जलाने की घटनाएँ घटाने में मदद करता है। पराली प्रबंधन के लिए किसानों को मशीनों और फसल अवशेष के खरीदारों तक समय पर पहुँच चाहिए।
  • क्षेत्रीय समन्वय और प्रगति का आकलन — प्रदूषक प्रशासनिक सीमाएँ पार करते हैं, इसलिए साझा वायुक्षेत्र के स्तर पर राज्यों को उत्सर्जन घटाने की योजना बनानी चाहिए। राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम (NCAP), जो 2019 में शुरू हुआ, के संशोधित लक्ष्य में 2025–26 तक 2017–18 के आधार स्तर की तुलना में PM₁₀ में 40 प्रतिशत तक कमी या राष्ट्रीय मानक हासिल करना शामिल था।

बहुविकल्पीय प्रश्न

प्रश्न - वायु प्रदूषण नियंत्रण के संदर्भ में निम्नलिखित कथनों पर विचार कीजिए।

  1. ग्रैप के तहत दिल्ली की वायु गुणवत्ता के पूर्वानुमान के आधार पर एनसीआर में किसी चरण के उपाय पहले से लागू किए जा सकते हैं।
  2. राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम का 2025–26 के लिए संशोधित कणीय प्रदूषण लक्ष्य PM₂.₅ पर आधारित था।
  3. वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग को संबंधित राज्य सरकारों की प्रदूषण नियंत्रण कार्रवाइयों का समन्वय करने की वैधानिक शक्ति प्राप्त है।

उपर्युक्त कथनों में से कौन-से सही हैं?

(A) केवल 1 और 2
 (B) केवल 1 और 3
 (C) केवल 2 और 3
 (D) 1, 2 और 3

उत्तर:  (B) 

व्याख्या: कथन 1 और 3 सही हैं। ग्रैप में पूर्वानुमान के आधार पर अग्रिम कार्रवाई संभव है और आयोग की समन्वय शक्ति 2021 के अधिनियम की धारा 12 से आती है। कथन 2 गलत है, क्योंकि संशोधित लक्ष्य PM₁₀ पर आधारित था।