Current Affairs - Daily
26 नवमबर 2026
बिसलेरी प्रकरण में FSSAI की कार्रवाई और पैकेज्ड पेयजल की जाँच
चर्चा में क्यों?
भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड के विरुद्ध अभियोजन की स्वीकृति दी। मामला कम्पनी के गोवा संयंत्र में सितम्बर, 2025 में निर्मित पैकेज्ड पेयजल के एक बैच से सम्बन्धित है.

- 23 नवम्बर को प्राधिकरण ने स्पष्ट किया कि बिक्री पर रोक केवल प्रभावित बैच GO 270 पर लागू है। अभियोजन की स्वीकृति से आपराधिक कार्यवाही शुरू करने की अनुमति मिलती है। दोष का निर्णय सक्षम न्यायालय करता है।
नमूने की जाँच में क्या मिला ?
- कम्पनी के अनुसार, 30 सितम्बर, 2025 को गोवा संयंत्र से लिए गए छह नमूनों में पाँच निर्धारित मानकों पर खरे उतरे। छठे में ब्रोमेट की मात्रा 12 माइक्रोग्राम प्रति लीटर मिली, जबकि अधिकतम अनुमत सीमा 10 माइक्रोग्राम प्रति लीटर है।
- कम्पनी की अपील पर नवी मुम्बई स्थित राष्ट्रीय खाद्य प्रयोगशाला ने नमूने की दोबारा जाँच की। इसमें ब्रोमेट निर्धारित सीमा के भीतर था, लेकिन बहुचक्रीय एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAH) की मात्रा 0·144 माइक्रोग्राम प्रति लीटर पाई गई। रेफरल प्रयोगशाला ने नमूने को असुरक्षित घोषित किया।
दोनों संदूषकों में अन्तर
- ब्रोमेट एक अकार्बनिक आयन है। स्रोत के पानी में प्राकृतिक रूप से उपस्थित ब्रोमाइड की कीटाणुशोधन के लिए प्रयुक्त ओज़ोन से अभिक्रिया होने पर ब्रोमेट बन सकता है। पेयजल में इसके लिए विश्व स्वास्थ्य संगठन का अनन्तिम दिशानिर्देश मान 10 माइक्रोग्राम प्रति लीटर है।
- PAH कार्बनिक यौगिकों का एक समूह है। ये कोयले, तेल और लकड़ी जैसे पदार्थों के अधूरे दहन से बनते हैं। इस समूह के बेंज़ो[ए]पाइरीन को अन्तर्राष्ट्रीय कैंसर अनुसंधान एजेंसी ने मनुष्यों के लिए कैंसरकारी पदार्थों के समूह-1 में रखा है।
कानूनी ढाँचा और निगरानी
- खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम, 2006 की धारा 3(1)(j) में पैकेज्ड पेयजल को ‘खाद्य’ की परिभाषा में शामिल किया गया है। वर्ष 2011 के खाद्य उत्पाद मानकों में विनियम 2.10.8 पैकेज्ड पेयजल से और विनियम 2.10.7 प्राकृतिक खनिज जल से सम्बन्धित है।
- पैकेज्ड पेयजल के लिए सतही या भूमिगत जल को निस्यन्दन और रिवर्स ऑस्मोसिस जैसी विधियों से उपचारित किया जा सकता है। प्राकृतिक खनिज जल संरक्षित भूमिगत स्रोत से प्राप्त होता है और उसकी खनिज संरचना अपेक्षाकृत स्थिर रहती है।
- अक्टूबर, 2024 में दोनों श्रेणियों के लिए भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) के अनिवार्य प्रमाणन का प्रावधान हटाया गया। 29 नवम्बर, 2024 को FSSAI ने दोनों को उच्च जोखिम वाली खाद्य श्रेणी में शामिल किया। निर्माताओं के लिए लाइसेंस या पंजीकरण से पहले निरीक्षण अनिवार्य किया गया। केन्द्रीय लाइसेंसधारी निर्माताओं को प्रतिवर्ष मान्यताप्राप्त बाहरी एजेंसी से खाद्य सुरक्षा ऑडिट भी कराना होता है।
- 1 जनवरी, 2026 से लागू परीक्षण योजना में पैकेज्ड पेयजल के सभी निर्धारित मानकों की जाँच हर छह महीने में अनिवार्य है। किसी मानक पर नमूना विफल होने पर उस मानक की जाँच हर महीने करनी होती है, जब तक लगातार तीन बैच मानक पर खरे न उतरें।
- राज्य सभा में प्रस्तुत आँकड़ों के अनुसार, वर्ष 2022–23 में जाँचे गए 1,776 प्रवर्तन नमूनों में से 650 और वर्ष 2023–24 में 1,300 में से 333 निर्धारित मानकों पर खरे नहीं उतरे।
अभ्यास प्रश्न
प्रश्न : पैकेज्ड पेयजल की सुरक्षा के सम्बन्ध में निम्नलिखित कथनों पर विचार कीजिए।
- ब्रोमाइड युक्त जल के ओज़ोन से कीटाणुशोधन के दौरान ब्रोमेट बन सकता है।
- प्राकृतिक खनिज जल और पैकेज्ड पेयजल, दोनों के मानक विनियम 2.10.8 के अन्तर्गत निर्धारित हैं।
- छह-मासिक परीक्षण में किसी मानक पर नमूना विफल होने पर उस मानक की मासिक जाँच लगातार तीन बैचों के सफल होने तक करनी होती है।
उपर्युक्त कथनों में से कौन-से सही हैं ?
(a) केवल 1 और 2
(b) केवल 1 और 3
(c) केवल 2 और 3
(d) 1, 2 और 3
उत्तर : (b)