RWA Civil Services
Current Affairs - Daily 26 नवमबर 2026

बेडोम्स ब्रॉन्जबैक : पश्चिमी घाट में वृक्षवासी साँप की नई प्रजाति

पश्चिमी घाट में वृक्षवासी साँप की नई प्रजाति ‘बेडोम्स ब्रॉन्जबैक’ की पहचान

  • वैज्ञानिकों ने भारत के पश्चिमी घाट में वृक्षवासी साँप की एक नई प्रजाति Dendrelaphis beddomei की पहचान की है। यह कोलुब्रिडी (Colubridae) कुल की प्रजाति है। पहले इसके कुछ नमूनों को इसी वंश की ‘लार्ज-आइड ब्रॉन्जबैक’ (Dendrelaphis grandoculis) प्रजाति का माना गया था। नई प्रजाति का वैज्ञानिक विवरण 12 नवम्बर, 2026 को शोध पत्रिका Taprobanica में प्रकाशित हुआ।

  • इसका नाम कर्नल रिचर्ड हेनरी बेडोम (1830–1911) के सम्मान में रखा गया है। उन्होंने पश्चिमी घाट के सरीसृपों और उभयचरों के अध्ययन में योगदान दिया था। 
  • शोधकर्ताओं ने इस प्रजाति के लिए ‘बेडोम्स ब्रॉन्जबैक’ नाम प्रस्तावित किया है। इसके वैज्ञानिक विवरण का आधार दो वयस्क नर साँप थे, जो जनवरी, 2012 में कर्नाटक के दक्षिण कन्नड़ जिले के सुलिया में सड़क पर मृत मिले थे। पहचान की पुष्टि के लिए शोधकर्ताओं ने जीवित साँपों के अवलोकन, पुराने अभिलेखों और नागरिक विज्ञान मंचों पर साझा तस्वीरों का भी उपयोग किया।
  • यह पश्चिमी घाट की स्थानिक प्रजाति है। इसका प्रमुख आवास पर्वतमाला की पवनाभिमुख ढलानों पर स्थित अपेक्षाकृत खुले वन हैं, प्रायः समुद्र तल से 500 मीटर से कम ऊँचाई पर। D. grandoculis सामान्यतः अधिक ऊँचाई वाले घने सदाबहार और अर्द्ध-सदाबहार वनों में मिलती है।
  •  कर्नाटक के अगुम्बे में दोनों प्रजातियाँ दर्ज की गई हैं।दोनों की पहचान में जीभ का रंग उपयोगी है। D. beddomei की जीभ लाल होती है, जबकि D. grandoculis की जीभ काली होती है।
  •  नई प्रजाति की पूँछ के नीचे शल्कों की संख्या भी अधिक होती है। शोधपत्र में दक्षिण भारत में पाए जाने वाले Dendrelaphis वंश के साँपों की पहचान के लिए संशोधित कुंजी भी दी गई है।

अभ्यास प्रश्न

प्रश्न - ‘बेडोम्स ब्रॉन्जबैक’ के सम्बन्ध में निम्नलिखित कथनों पर विचार कीजिए।

  1. यह पश्चिमी घाट की स्थानिक वृक्षवासी सर्प प्रजाति है।
  2. इसका प्रमुख आवास अधिक ऊँचाई वाले घने सदाबहार वन हैं।
  3. इसकी लाल जीभ इसे Dendrelaphis grandoculis से अलग पहचानने में सहायक है।

उपर्युक्त कथनों में से कौन-से सही हैं ?

(a) केवल 1 और 2
 (b) केवल 1 और 3
 (c) केवल 2 और 3
 (d) 1, 2 और 3

उत्तर : (b)