RWA Civil Services

UPSC प्रीलिम्स 2027 : 23 मई तक तैयारी की क्या हो सकती है एक संतुलित रणनीति

Editorial Team · 25 नवमबर 2026 · RWA Civils Services

UPSC प्रीलिम्स 2027 : 23 मई तक तैयारी की क्या हो सकती है एक संतुलित रणनीति

UPSC प्रीलिम्स 2027 : 23 मई तक तैयारी की क्या हो सकती है एक संतुलित रणनीति

संघ लोक सेवा आयोग के कैलेंडर के अनुसार, सिविल सेवा प्रारम्भिक परीक्षा 23 मई, 2027 को प्रस्तावित है. तैयारी के लिए उपलब्ध करीब छह महीनों में सबसे बड़ा फैसला यह है कि नया पढ़ने, पहले पढ़े विषयों को दोहराने और प्रश्न हल करने में कितना समय दिया जाए. यदि सारा समय सिलेबस पूरा करने में लग गया, तो मार्च में पुराने विषय फिर से पढ़ने पड़ सकते हैं. वहीं, बुनियादी समझ बनने से पहले लगातार मॉक टेस्ट देने पर एक जैसी गलतियाँ दोहराने की आशंका रहती है.

इसलिए तैयारी को तीन चरणों में बाँटना उपयोगी होगा. नवम्बर से फरवरी तक GS की बुनियाद तैयार करें, मार्च में पहला रिवीजन करें और अप्रैल से पूरे पेपर का अभ्यास बढ़ाएँ. CSAT की तैयारी पहले सप्ताह से ही चले. उसे कितने घंटे देने हैं, इसका फैसला पुराने पेपर में अपने प्रदर्शन के आधार पर करें.

पहले अपना स्तर जाँचें

  • शुरुआत UPSC के किसी पिछले वर्ष के ऐसे GS और CSAT पेपर से करें जिसे आपने पहले हल न किया हो. ऐसा वर्ष चुनें जिसकी आधिकारिक आंसर-की उपलब्ध हो. दोनों पेपर तय समय में हल करें. परिणाम देखते समय सही, गलत और छूटे हुए प्रश्नों के साथ उन उत्तरों को भी चिह्नित करें जो अनुमान से सही हुए. इससे पता चलेगा कि किन विषयों पर आपकी पकड़ है और कहाँ सही उत्तर मिलने के बाद भी दोबारा अभ्यास की जरूरत है.
  • अब गलती का कारण देखें. संसद से जुड़े प्रश्न में नियम याद नहीं था, तो सम्बन्धित अध्याय पढ़ें. नियम याद था, लेकिन प्रश्न में ‘केवल’ शब्द पर ध्यान नहीं गया, तो कथन पढ़ने का अभ्यास करें. CSAT में गद्यांश छूट गए हों, तो उन्हें अगले दिन बिना समय-सीमा के हल करें. यदि तब उत्तर सही हैं, तो समय बाँटने पर काम चाहिए. यदि तब भी उत्तर गलत हैं, तो गद्यांश समझने पर अधिक समय दें.

परीक्षा का पैटर्न समझें

  • वर्ष 2026 के परीक्षा नियमों के अनुसार, प्रीलिम्स में 200–200 अंकों के दो अनिवार्य पेपर थे. प्रत्येक के लिए सामान्य समय दो घंटे था. GS-II यानी CSAT में कम-से-कम 33% अंक प्राप्त करना आवश्यक था. यह शर्त पूरी करने वाले अभ्यर्थियों में मुख्य परीक्षा के लिए चयन GS-I के अंक और सम्बन्धित श्रेणी की कट-ऑफ के आधार पर होता है. गलत उत्तर पर उस प्रश्न के निर्धारित अंकों का एक-तिहाई कटता है. छोड़े गए प्रश्न पर कोई अंक नहीं कटता. प्रीलिम्स के अंक फाइनल मेरिट में नहीं जुड़ते. वर्ष 2027 के लिए आयोग की उस वर्ष की अधिसूचना लागू होगी.
  • इसका सीधा अर्थ है कि GS-I और CSAT के लक्ष्य अलग रखें. GS-I में सही उत्तरों की संख्या और शुद्ध अंक बढ़ाने हैं. CSAT में यह देखना है कि अलग-अलग पेपरों में भी आपका स्कोर लगातार पास होने की सीमा से ऊपर रहता है या नहीं.

सप्ताह के घंटे बाँटें

  • दैनिक कार्यक्रम बिगड़ने पर उसकी भरपाई सप्ताह में की जा सकती है. इसलिए पहले यह तय करें कि पूरे सप्ताह में वास्तव में कितने घंटे उपलब्ध हैं. नीचे नवम्बर से फरवरी के लिए एक शुरुआती समय-सारणी दी गई है. GS के घंटों में विषय पढ़ना, करंट अफेयर्स और प्रश्न-अभ्यास शामिल हैं. रिवीजन के घंटे पुराने अध्याय दोहराने और गलत उत्तर समझने के लिए अलग रखे गए हैं.
प्रतिदिन उपलब्ध समयसप्ताह का कुल समयGS-ICSATरिवीजन और गलतियों की जाँच
3 घंटे21 घंटे12 घंटे5 घंटे4 घंटे
5 घंटे35 घंटे20 घंटे8 घंटे7 घंटे
8 घंटे56 घंटे32 घंटे12 घंटे12 घंटे
  • तीन घंटे उपलब्ध हों, तो एक दिन में एक मुख्य GS विषय लें. सप्ताहान्त में दो घंटे का पेपर हल करें और अगले सत्र में उसके उत्तर जाँचें. पाँच घंटे उपलब्ध हों, तो मुख्य विषय के साथ पुराने अध्यायों के मिले-जुले प्रश्न भी हल करें. आठ घंटे उपलब्ध हों, तो अतिरिक्त समय का एक हिस्सा मानचित्र, पिछले प्रश्नपत्र और कठिन विकल्पों को समझने में दें.
  • हर दो सप्ताह बाद इस बँटवारे की समीक्षा करें. मान लें कि प्रतिदिन पाँच घंटे पढ़ने वाले अभ्यर्थी का CSAT स्कोर लगातार दो टेस्ट में पास होने की सीमा के आसपास है. वह अगले दो सप्ताह GS के तीन साप्ताहिक घंटे CSAT को दे सकता है. यदि समस्या गद्यांश में है, तो अतिरिक्त समय उसी पर लगाएँ. सुधार जाँचने के लिए अगली बार नए प्रश्न चुनें.

नवम्बर–दिसम्बर—बुनियाद तैयार करें

  • सिलेबस को छोटी इकाइयों में बाँटें. उदाहरण के लिए, ‘भारतीय राजव्यवस्था’ के नीचे संसद, संघवाद, स्थानीय शासन और संवैधानिक संस्थाएँ अलग-अलग लिखें. हर इकाई के सामने तीन बातें दर्ज करें—कहाँ से पढ़ना है, उस पर किस तरह के प्रश्न आए हैं और अभी आपकी तैयारी कैसी है. इससे अगले दिन का अध्ययन तय करना आसान होगा.
  • संसद पढ़ते समय एक छोटा अभ्यास करें. धन विधेयक, साधारण विधेयक और संविधान संशोधन विधेयक की तुलना तीन बिन्दुओं पर करें—विधेयक किस सदन में पेश हो सकता है, दूसरे सदन की क्या भूमिका है और मतभेद होने पर क्या व्यवस्था है ? फिर इन्हीं पर पिछले वर्षों के प्रश्न हल करें. जहाँ दो प्रावधानों में भ्रम हो, वहीं छोटा नोट बनाएँ. इस तरीके से नोट्स उन बातों पर केन्द्रित रहेंगे जो प्रश्न हल करते समय वास्तव में काम आती हैं.
  • दिसम्बर के अन्त तक तीन काम पूरे करें—हर प्रमुख विषय के लिए एक मुख्य स्रोत चुनें, बुनियादी अध्यायों का पहला अध्ययन करें और CSAT में सबसे अधिक कठिनाई देने वाला हिस्सा पहचानें.

जनवरी–फरवरी—पहली पढ़ाई पूरी करें

  • इन दो महीनों का लक्ष्य है कि पूरे सिलेबस की पहली पढ़ाई हो जाए. इसके लिए सप्ताह का एक सत्र ऐसे विषय को दें जिसे आप बार-बार अगले सप्ताह के लिए छोड़ देते हैं. महीने के अन्त में केवल पढ़े गए अध्यायों की गिनती न करें. यह भी जाँचें कि क्या आप उनके मुख्य विचार समझा सकते हैं और सामान्य प्रश्न हल कर सकते हैं.
  • करंट अफेयर्स को सम्बन्धित विषय के साथ पढ़ें. उदाहरण के लिए, सूक्ष्मवित्त की खबर में दो अलग बातें हैं. ऋण की पात्रता समझने के लिए परिवार की वार्षिक आय देखी जाती है, जबकि किस्त चुकाने का भार परिवार की मासिक आय के आधार पर देखा जाता है. दोनों को नोट करने के बाद एक परिवार की आय और किस्त का उदाहरण लेकर गणना करें. इस तरह एक खबर से अर्थव्यवस्था की अवधारणा और आँकड़ों पर आधारित प्रश्न, दोनों तैयार होते हैं.
  • पर्यावरण सम्मेलन की खबर पर भी यही तरीका अपनाएँ. सम्मेलन किस संधि से जुड़ा है, किस विषय पर निर्णय हुआ और उसका दायरा क्या है—इन तीन प्रश्नों के उत्तर लिखें. मासिक संकलन से वही जानकारी जोड़ें जो आपके नोट्स में छूटी है या जिसे अपडेट करने की जरूरत है.

मार्च—पहला रिवीजन

  • मार्च में हर प्रमुख विषय के लिए तीन चरण रखें. पहले पुस्तक बन्द करके अध्याय के मुख्य बिन्दु लिखें. फिर पिछले वर्षों के प्रश्न हल करें. इसके बाद उसी विषय का एक छोटा सेक्शनल टेस्ट दें, जिसमें प्रश्न आपके लिए नए हों. पुराना प्रश्न परीक्षा की भाषा समझाता है. नया प्रश्न बताता है कि बदले हुए उदाहरण में भी आप वही अवधारणा लागू कर सकते हैं या नहीं.
  • टेस्ट के बाद केवल गलत उत्तरों पर न रुकें. जिस प्रश्न में दो विकल्पों के बीच अनुमान लगाया था, उसके सही उत्तर का कारण भी समझें. दूसरी ओर, यदि किसी प्रश्न में सिर्फ प्रतिशत की गणना गलत हुई है, तो उसी प्रकार की कुछ गणनाएँ दोहराना पूरे अध्याय को फिर से पढ़ने से अधिक उपयोगी होगा.
  • मार्च के अन्त में हर कमजोर विषय के सामने अगला काम लिखें. ‘अर्थव्यवस्था कमजोर है’ लिखने से बेहतर है—‘महँगाई की दर और मूल्य-स्तर का अन्तर दोहराना है’. ऐसी सूची से अप्रैल का रिवीजन तय होगा.

अप्रैल—पूरे पेपर का अभ्यास

  • अप्रैल में विषयवार अभ्यास के साथ पूरे पेपर के मॉक टेस्ट शुरू करें. सप्ताह में किसी एक दिन GS और CSAT को अलग सत्रों में हल करें. इससे सुबह और दोपहर के पेपर के लिए अपनी गति और एकाग्रता का आकलन कर सकेंगे. टेस्ट तय करते समय उसकी समीक्षा के लिए भी समय सुरक्षित रखें.
  • प्रदर्शन का मूल्यांकन शुद्ध अंकों से करें. उदाहरण के लिए, GS-I के दो अंक वाले दस अतिरिक्त प्रश्न हल किए. इनमें दो सही और आठ गलत हुए. सही उत्तरों से चार अंक मिले, जबकि गलत उत्तरों पर लगभग 5·33 अंक कट गए. इन दस प्रश्नों को हल करने से कुल स्कोर लगभग 1·33 अंक घट गया. इससे समझ आता है कि सभी अभ्यर्थियों के लिए प्रश्नों के प्रयास की एक तय संख्या उपयोगी क्यों नहीं हो सकती.
  • हर अगले टेस्ट में एक बदलाव आजमाएँ. उदाहरण के लिए, पहले चक्र में लम्बे प्रश्न छोड़कर देखें. फिर तुलना करें कि अन्त में समय बचा या नहीं और शुद्ध अंक बढ़े या नहीं.

CSAT—तीनों हिस्सों पर काम करें

  • CSAT के साप्ताहिक समय को अपनी कठिनाई के अनुसार बाँटें. यदि आठ घंटे उपलब्ध हैं, तो शुरुआत में तीन घंटे गणित और आँकड़ों की व्याख्या, दो घंटे रीजनिंग, दो घंटे गद्यांश और एक घंटा मिले-जुले अभ्यास की समीक्षा को दे सकते हैं. यदि गद्यांश में अधिक गलतियाँ हैं, तो गणित से एक घंटा लेकर गद्यांश को दें.
  • गणित में गलत उत्तर मिलने पर वह चरण पहचानें जहाँ समाधान बिगड़ा. प्रतिशत का आधार गलत लिया, तालिका की इकाई पढ़ना भूल गए या विधि सही होने के बावजूद गणना लम्बी हो गई ? पहली स्थिति में अवधारणा दोहराएँ, दूसरी में इकाई पर निशान लगाने की आदत बनाएँ और तीसरी में उसी प्रकार के प्रश्न समय बाँधकर हल करें.
  • गद्यांश में उत्तर चुनने के बाद वह पंक्ति पहचानें जिससे आपके विकल्प को समर्थन मिलता है. कई बार कोई विकल्प सामान्य जीवन में सही लगता है, लेकिन लेखक ने उस बात का दावा नहीं किया होता. रीजनिंग में भी निष्कर्ष को दिए गए कथनों से जाँचें. हर पखवाड़े तीनों हिस्सों वाला पेपर हल करें. इससे पता चलेगा कि एक हिस्से में अधिक समय लगाने के कारण दूसरे के आसान प्रश्न तो नहीं छूट रहे.

रिवीजन—गलतियों से छोटे नोट्स बनाएँ

  • दैनिक रिवीजन के लिए पिछले दिन के अध्याय से तीन प्रश्न लिखें. पहले स्मृति से उत्तर दें, फिर पुस्तक खोलकर छूटा हुआ तथ्य या अपवाद जाँचें. सप्ताहान्त में हाल में पढ़े अध्याय के साथ दो–तीन सप्ताह पुराना विषय भी शामिल करें. इससे याद रखने की वास्तविक स्थिति सामने आएगी.
  • गलत प्रश्नों के लिए मिस्टेक नोटबुक रखें. उसमें पूरा प्रश्न उतारने के बजाय चार बातें लिखें—विषय, गलती का कारण, सही तर्क और दोबारा जाँचने की तारीख. मान लें कि आपने ‘महँगाई की दर घटने’ का अर्थ ‘कीमतें घटने’ से लगा लिया. सुधार एक वाक्य में लिखें—यदि महँगाई की दर धनात्मक है, तो दर घटने पर भी कीमतें बढ़ती हैं, बस उनकी बढ़ने की गति धीमी होती है. एक सप्ताह बाद अलग आँकड़ों पर यही बात जाँचें.
  • मई तक यह नोटबुक आपके अपने प्रदर्शन पर आधारित रिवीजन सामग्री बन जाएगी. उसमें बार-बार होने वाली गलतियाँ पहले से चिह्नित होंगी.

1–15 मई—प्रश्न चुनने का अभ्यास

  • मई के पहले पखवाड़े में उतने ही पूरे पेपर हल करें जिनकी समीक्षा उसी दिन या अगले दिन कर सकें. देखें कि किन प्रश्नों पर सबसे अधिक समय लगा और उनसे कितने अंक मिले. यदि एक कठिन प्रश्न पर छह मिनट लगाने के कारण दो परिचित प्रश्न पढ़ने से रह गए, तो अगले टेस्ट में उस प्रकार के प्रश्न को दूसरे चक्र के लिए छोड़कर देखें.
  • रिवीजन में उन छोटी कमियों को प्राथमिकता दें जिनसे बार-बार अंक घट रहे हैं. इनमें मानचित्र पर दो स्थानों का क्रम, संवैधानिक संस्थाओं के कार्यकाल, किसी योजना का लक्षित समूह या CSAT में इकाई बदलने की भूल शामिल हो सकती है. 15 मई तक तीन फैसले कर लें—पहले कौनसे प्रश्न हल करेंगे, संशय वाले प्रश्न कैसे चिह्नित करेंगे और OMR उत्तर-पत्रक की प्रविष्टियाँ कब जाँचेंगे.

16–22 मई—अन्तिम सप्ताह की सूची

  • 16 से 19 मई के बीच छोटे नोट्स, चिह्नित मानचित्र, जरूरी सूत्र और मिस्टेक नोटबुक दोहराएँ. इस सप्ताह नई पुस्तक या विस्तृत संकलन शुरू करने से बचें. किसी एक तथ्य पर संदेह हो, तो मूल स्रोत से उसकी जाँच करें. इसके लिए पूरा अध्याय दोबारा पढ़ना जरूरी नहीं है.
  • 20 और 21 मई को कुछ मिले-जुले प्रश्न और CSAT का छोटा अभ्यास रखें. 22 मई को प्रवेश-पत्र पर परीक्षा केन्द्र, रिपोर्टिंग का समय, पहचान-पत्र और अनुमत सामग्री से जुड़े निर्देश पढ़ें. केन्द्र तक पहुँचने का रास्ता पहले तय कर लें. अन्तिम दिन का कार्यक्रम बनाते समय यात्रा, भोजन और पर्याप्त विश्राम के लिए भी समय रखें.

23 मई : तैयारी के प्रदर्शन का समय

  • परीक्षा में वही तरीका अपनाएँ जिसे मॉक टेस्ट में परख चुके हैं. पहले चक्र में वे प्रश्न हल करें जिनका उत्तर स्पष्ट है. दूसरे चक्र में उन पर लौटें जिनमें गणना बाकी है या दो विकल्पों की तुलना करनी है. किसी कठिन प्रश्न पर रुकने से पहले देखें कि उसे हल करने की अगली सीढ़ी स्पष्ट है या नहीं.
  • OMR भरते समय प्रश्न-पुस्तिका की प्रश्न संख्या को उत्तर-पत्रक की संख्या से मिलाएँ, विशेषकर तब जब पिछला प्रश्न छोड़ा हो. अन्तिम कुछ मिनट प्रविष्टियाँ जाँचने के लिए रखें. सुबह का GS पेपर समाप्त होने के बाद उत्तरों पर चर्चा में उलझने से बचें. उस समय सबसे उपयोगी तैयारी अगले दो घंटे के CSAT पेपर के लिए स्वयं को तैयार रखना है.