Current Affairs - Daily
26 नवमबर 2026
कच्छ की रोगन चित्रकला
कच्छ की रोगन चित्रकला
नवम्बर, 2026 को फिलीपींस की राजधानी मनीला में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने थाईलैण्ड के प्रधानमंत्री अनुतिन चानवीरकुल को गुजरात के कच्छ की पारम्परिक रोगन चित्रकला भेंट की। दोनों नेताओं की भेंट 23वें भारत–आसियान शिखर सम्मेलन और 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन के अवसर पर हुई। रोगन कपड़े पर चित्र बनाने की एक विशिष्ट कला है, जिसमें कलाकार अरंडी के तेल से तैयार रंग को महीन रेखाओं में बिछाते हैं।

कला का प्रमुख केन्द्र
- गुजरात के कच्छ जिले की नखत्राणा तहसील का निरोणा गाँव रोगन चित्रकला के लिए प्रसिद्ध है। यह भुज से लगभग 40 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में स्थित है।
- ‘रोगन’ फ़ारसी मूल का शब्द है, जिसका अर्थ ‘तेल’ या ‘तेल पर आधारित’ है। इस कला की परम्परा ईरान से जुड़ी मानी जाती है। कच्छ में लगभग तीन शताब्दियों से इसका अभ्यास होता आया है। निरोणा के खत्री परिवार ने पीढ़ी-दर-पीढ़ी इसका कौशल सिखाकर इस परम्परा को जीवित रखा है।
चित्र बनाने की विधि
- कलाकार अरंडी के तेल को कई घंटे गर्म करते हैं और फिर उसे ठण्डे पानी में डालते हैं। इससे एक गाढ़ा, लचीला लेप तैयार होता है, जिसमें अलग-अलग रंग मिलाए जाते हैं। कलाकार धातु की महीन शलाका से रंगीन लेप को धागे जैसी पतली लड़ी में खींचते हैं।
- शलाका की नोक कपड़े से कुछ ऊपर रहती है और उससे निकलती रंग की लड़ी कपड़े पर आकृति बनाती है। सममित आकृति बनाने के लिए कलाकार पहले उसका आधा भाग बनाते हैं। फिर कपड़े को मोड़कर हल्का दबाते हैं, जिससे दूसरे आधे भाग पर उसकी दर्पण-छवि उतर आती है।
प्रमुख रूपांकन और पहचान
- फूल-पत्तियाँ, मोर और ज्यामितीय आकृतियाँ रोगन चित्रकला के प्रमुख रूपांकन हैं। इसकी सर्वाधिक प्रसिद्ध आकृति ‘जीवन-वृक्ष’ (Tree of Life) है।
- इस शिल्प को ‘कच्छ रोगन क्राफ्ट’ (Kutch Rogan Craft) नाम से भौगोलिक संकेतक (GI) के रूप में पंजीकृत किया गया। इसका पंजीकरण प्रमाणपत्र 1 मार्च, 2024 को जारी हुआ था।
अभ्यास प्रश्न
प्रश्न : रोगन चित्रकला के सम्बन्ध में निम्नलिखित कथनों पर विचार कीजिए।
- इसका प्रमुख पारम्परिक केन्द्र गुजरात के कच्छ जिले का निरोणा गाँव है।
- इसमें रंग का लचीला लेप बनाने के लिए अलसी के तेल का उपयोग किया जाता है।
- कपड़े पर आधी आकृति बनाकर उसे मोड़ने से दूसरी ओर उसकी दर्पण-छवि प्राप्त की जा सकती है।
उपर्युक्त कथनों में से कौन-से सही हैं ?
(a) केवल 1 और 2
(b) केवल 1 और 3
(c) केवल 2 और 3
(d) 1, 2 और 3
उत्तर : (b)