Current Affairs - Daily
26 नवमबर 2026
लाचित बरफुकन की 404वीं जयन्ती
लाचित बरफुकन की 404वीं जयन्ती
24 नवम्बर, 2026 को असम में अहोम सेनापति लाचित बरफुकन की 404वीं जयन्ती ‘लाचित दिवस’ के रूप में मनाई गई। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस अवसर पर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

- लाचित का जन्म 24 नवम्बर, 1622 को हुआ था। भारतीय इतिहास में उन्हें मुख्यतः 1671 के सरायघाट के युद्ध के लिए स्मरण किया जाता है, जिसमें उनके नेतृत्व में अहोम सेना ने ब्रह्मपुत्र नदी पर मुगल सेना को पराजित किया था।
गुवाहाटी पर पुनः अधिकार
- अहोम शासन में ‘बरफुकन’ एक उच्च पद था, जिसके साथ पश्चिमी क्षेत्र के प्रशासन और उसकी रक्षा का दायित्व जुड़ा था। अहोम शासक चक्रध्वज सिंह ने लाचित को मुगलों के विरुद्ध अभियान का नेतृत्व सौंपा।
- 1667 में लाचित के नेतृत्व में अहोम सेना ने गुवाहाटी को मुगलों से वापस ले लिया। इसके बाद मुगल सम्राट औरंगजेब ने गुवाहाटी पर दोबारा अधिकार करने के लिए आमेर के राजा रामसिंह के नेतृत्व में सेना भेजी।
अलाबोई और सरायघाट के युद्ध
- अगस्त, 1669 में वर्तमान कामरूप जिले के अलाबोई में दोनों सेनाओं का सामना हुआ। ब्रह्मपुत्र के उत्तरी तट पर लड़े गए इस युद्ध में अहोम सेना को भारी क्षति हुई। लगभग दो वर्ष बाद मार्च, 1671 में निर्णायक संघर्ष गुवाहाटी के निकट सरायघाट में हुआ।
- यह युद्ध ब्रह्मपुत्र नदी पर लड़ा गया। अस्वस्थ होने पर भी लाचित स्वयं नाव पर सवार होकर युद्ध में पहुँचे। उनके नेतृत्व में अहोम सेना ने मुगलों को पीछे हटने पर विवश किया और गुवाहाटी पर अपना अधिकार बनाए रखा।
सरायघाट के बाद
- लाचित बरफुकन का निधन 25 अप्रैल, 1672 को हुआ। उनका समाधि-स्मारक, जिसे ‘लाचित मैदाम’ कहा जाता है, असम के जोरहाट के निकट होलोंगापार में स्थित है।
- उनके निधन के बाद भी गुवाहाटी के लिए संघर्ष जारी रहा। 1679 में यह नगर पुनः मुगलों के अधीन आ गया। अन्ततः 1682 में अहोम शासक गदाधर सिंह के शासनकाल में इटाखुली के युद्ध के बाद अहोम सेना ने गुवाहाटी वापस प्राप्त किया।
अभ्यास प्रश्न
प्रश्न : अहोम–मुगल संघर्ष के सन्दर्भ में निम्नलिखित कथनों पर विचार कीजिए।
- लाचित बरफुकन के नेतृत्व में अहोम सेना ने अलाबोई के युद्ध से पहले गुवाहाटी पर पुनः अधिकार कर लिया था।
- सरायघाट के युद्ध में मुगल सेना का नेतृत्व आमेर के राजा रामसिंह ने किया था।
- इटाखुली के युद्ध में लाचित बरफुकन ने अहोम सेना का नेतृत्व किया था।
उपर्युक्त कथनों में से कौन-से सही हैं ?
(a) केवल 1 और 2
(b) केवल 1 और 3
(c) केवल 2 और 3
(d) 1, 2 और 3
उत्तर : (a)