RWA Civil Services
Current Affairs - Daily 18 सितमबर 2026

ग्लोबल जेंडर गैप इंडेक्स 2026 में भारत 131वें स्थान पर

विश्व आर्थिक मंच के ग्लोबल जेंडर गैप इंडेक्स 2026 में भारत 145 देशों में 131वें स्थान पर रहा। भारत का कुल जेंडर पैरिटी स्कोर 64.5% रहा। शिक्षा और स्वास्थ्य में भारत का प्रदर्शन अपेक्षाकृत बेहतर है, जबकि आर्थिक भागीदारी और राजनीतिक सशक्तीकरण में महत्वपूर्ण अंतर बना हुआ है।

ग्लोबल जेंडर गैप इंडेक्स 2026

  • विश्व आर्थिक मंच (WEF) ने ग्लोबल जेंडर गैप रिपोर्ट 2026 जारी की। यह इंडेक्स की 20वीं रिपोर्ट है, जिसकी शुरुआत 2006 में हुई थी। 
  • यह इंडेक्स महिलाओं और पुरुषों के बीच अंतर को चार क्षेत्रों में मापता है:
    • आर्थिक भागीदारी और अवसर 
    • शैक्षिक उपलब्धि 
    • स्वास्थ्य और जीवन-रक्षा 
    • राजनीतिक सशक्तीकरण 
  • 2026 में इंडेक्स में 145 देशों/अर्थव्यवस्थाओं को शामिल किया गया। 100% स्कोर पूर्ण लैंगिक समानता को दर्शाता है। 

भारत का प्रदर्शन:

  • भारत 64.5% जेंडर पैरिटी स्कोर के साथ 131वें स्थान पर रहा। स्कोर में मामूली सुधार हुआ, लेकिन रैंक में बदलाव नहीं हुआ। 
  • 2006 के बाद भारत के कुल स्कोर में 4.3 प्रतिशत अंक का सुधार हुआ है, जिसमें शिक्षा का महत्वपूर्ण योगदान रहा। 
  • शैक्षिक उपलब्धि: भारत का स्कोर 96.6% रहा। माध्यमिक और उच्च शिक्षा में लड़के-लड़कियों के नामांकन में पूर्ण समानता बनी रही। 
  • स्वास्थ्य और जीवन-रक्षा: भारत का स्कोर 95.6% रहा। हालांकि, जन्म के समय लिंगानुपात अभी भी 2006 के स्तर से कम है। 
  • आर्थिक भागीदारी: भारत का स्कोर 41.2% रहा। श्रमबल भागीदारी में समानता 44.1% रही, जबकि वरिष्ठ अधिकारियों, प्रबंधकों और विधायकों आदि की श्रेणी में यह केवल 13.1% थी। 
  • राजनीतिक सशक्तीकरण: भारत का स्कोर 24.5% रहा और इस क्षेत्र में भारत की वैश्विक रैंक 67वीं रही। संसद में केवल 16.1% लैंगिक अंतर समाप्त हुआ है, जबकि मंत्री स्तर पर समानता का स्कोर 5.9% रहा। 

वैश्विक स्थिति

  • विश्व स्तर पर 69.2% लैंगिक अंतर समाप्त हो चुका है, लेकिन वर्तमान गति से पूर्ण समानता हासिल करने में लगभग 120 वर्ष लग सकते हैं। 
  • आइसलैंड 93% समानता के साथ पहले स्थान पर रहा। उसके बाद फिनलैंड और नॉर्वे रहे।
  • चाड 145वें स्थान पर रहा, जबकि ईरान और पाकिस्तान भी सबसे निचले स्थानों में रहे। 
  • ऑस्ट्रेलिया पहली बार शीर्ष 10 में शामिल हुआ। 
  • वैश्विक स्तर पर AI जैसे उभरते क्षेत्रों में महिलाओं की भागीदारी अभी भी कम है; AI इंजीनियरों में महिलाओं की हिस्सेदारी पाँच में एक से भी कम है। 

विश्व आर्थिक मंच (WEF) के बारे में:

  • इसकी स्थापना 1971 में क्लॉस श्वाब ने European Management Forum के रूप में की थी।
  • यह जिनेवा, स्विट्जरलैंड स्थित एक स्वतंत्र, गैर-लाभकारी अंतरराष्ट्रीय संगठन है।
  • इसका उद्देश्य “सार्वजनिक-निजी सहयोग के माध्यम से विश्व की स्थिति में सुधार करना” है।
  • यह सरकारों, व्यवसायों, नागरिक समाज और विशेषज्ञों को एक साथ लाता है।
  • इसकी वार्षिक बैठक दावोस, स्विट्जरलैंड में आयोजित होती है।
  • इसमें आर्थिक चुनौतियों, जलवायु परिवर्तन, प्रौद्योगिकी, सुरक्षा और वैश्विक विकास जैसे मुद्दों पर चर्चा होती है।
  • यह Global Risks Report और Global Gender Gap Report जैसी रिपोर्ट प्रकाशित करता है।

 

अभ्यास प्रश्न

प्रश्न: ग्लोबल जेंडर गैप इंडेक्स 2026 के संदर्भ में निम्नलिखित कथनों पर विचार कीजिए:

  1. चारों आयामों में भारत का सर्वाधिक लैंगिक समानता स्कोर शैक्षिक उपलब्धि में रहा। 
  2. राजनीतिक सशक्तीकरण में भारत का स्कोर आर्थिक भागीदारी और अवसर के स्कोर से अधिक रहा। 
  3. ग्लोबल जेंडर गैप इंडेक्स 2026 में भारत की रैंक बांग्लादेश, मालदीव, नेपाल, भूटान और श्रीलंका से ऊपर रही। 
  4. विश्व आर्थिक मंच की स्थापना मूल रूप से यूरोपियन मैनेजमेंट फोरम के रूप में हुई थी। 

उपर्युक्त में से कौन-से कथन सही हैं?

A. केवल 1 और 4
 B. केवल 1, 2 और 4
 C. केवल 2 और 3
 D. केवल 1, 3 और 4

उत्तर: A. केवल 1 और 4

व्याख्या:

  • भारत का शैक्षिक उपलब्धि में 96.6% का स्कोर रहा, जो चारों आयामों में सबसे अधिक है। अतः कथन 1 सही है। 
  • राजनीतिक सशक्तीकरण में भारत का स्कोर 24.5% रहा, जबकि आर्थिक भागीदारी और अवसर में यह 41.2% था। अतः, कथन 2 गलत है। 
  • भारत की रैंक बांग्लादेश, मालदीव, नेपाल, भूटान और श्रीलंका से नीचे रही। अतः, कथन 3 गलत है:
  • WEF की स्थापना 1971 में Klaus Schwab द्वारा European Management Forum के रूप में की गई थी। अतः, कथन 4 सही है।