RWA Civil Services
Current Affairs - Daily 5 अक्टूबर 2026

FAO रिपोर्ट 2026: वन क्षरण और बहाली के बीच बढ़ता अंतर

FAO की State of the World’s Forests 2026 रिपोर्ट ने वैश्विक वन क्षरण और बहाली की स्थिति का आकलन किया है। रिपोर्ट के अनुसार जलवायु परिवर्तन, भूमि उपयोग में बदलाव और मानवीय गतिविधियां वन क्षरण के प्रमुख कारण हैं।

चर्चा में क्यों?

  • FAO की State of the World’s Forests 2026 रिपोर्ट ने दुनिया में वन क्षरण और वन बहाली के बीच बढ़ते अंतर को रेखांकित किया है। 
  • दुनिया में 460 मिलियन हेक्टेयर (46 करोड़ हेक्टेयर) से अधिक वन क्षेत्र क्षतिग्रस्त माना गया है। 
  •  
  • इसके प्रमुख कारणों में जलवायु परिवर्तन, जनसंख्या वृद्धि, शहरीकरण, बुनियादी ढांचे का विस्तार, भूमि उपयोग में बदलाव और संसाधनों की बढ़ती मांग शामिल हैं। 

प्रमुख निष्कर्ष

  • वर्ष 2025 में दुनिया का कुल वन क्षेत्र लगभग 4.14 अरब हेक्टेयर था, जो कुल भूमि क्षेत्र का लगभग 32% है। 
  • 1990 से 2025 के बीच लगभग 489 मिलियन हेक्टेयर वन क्षेत्र वनों की कटाई के कारण समाप्त हुआ। 
  • प्राकृतिक रूप से पुनर्जीवित होने वाले वन, जो वैश्विक वन क्षेत्र का लगभग 92% हैं, इस अवधि में 324 मिलियन हेक्टेयर कम हुए। 
  • जैव विविधता की दृष्टि से महत्वपूर्ण प्राथमिक वनों का क्षेत्र भी लगभग 110 मिलियन हेक्टेयर घटा। 

वन बहाली में अंतर

  • कुनमिंग-मॉन्ट्रियल ग्लोबल बायोडायवर्सिटी फ्रेमवर्क (KMGBF) के तहत 2030 तक कम-से-कम 30% क्षतिग्रस्त पारिस्थितिक तंत्रों की प्रभावी बहाली का लक्ष्य है। 
  • इसे हासिल करने के लिए लगभग 469 मिलियन हेक्टेयर क्षेत्र में प्रभावी बहाली आवश्यक है। 
  • लेकिन 2026 तक राष्ट्रीय रिपोर्टों के अनुसार केवल 206.5 मिलियन हेक्टेयर क्षेत्र में बहाली दर्ज की गई है। 

क्षेत्रीय स्थिति

  • अफ्रीका: 2019 में लगभग 334 मिलियन हेक्टेयर, यानी 12% भूमि, क्षतिग्रस्त थी। 
  • एशिया: लगभग 583 मिलियन हेक्टेयर, यानी 19% भूमि, क्षतिग्रस्त थी। 
  • दक्षिण अमेरिका: लगभग 245 मिलियन हेक्टेयर, यानी 14% भूमि, क्षतिग्रस्त थी। 

महत्व

  • वन क्षरण से जैव विविधता, कार्बन भंडारण, पारिस्थितिकी तंत्र की उत्पादकता और आवश्यक पारिस्थितिक सेवाएं प्रभावित होती हैं। 
  • वैश्विक शुद्ध वन हानि 1990–2000 के दौरान प्रति वर्ष 10.7 मिलियन हेक्टेयर से घटकर 2000–2015 में 3.68 मिलियन हेक्टेयर हुई, लेकिन 2015–2025 में बढ़कर 4.12 मिलियन हेक्टेयर प्रति वर्ष हो गई। 
  • FAO ने वन एवं भूमि बहाली के लिए बेहतर ज्ञान, स्पष्ट मानक, क्षमता निर्माण, नियमित निगरानी और परिस्थितियों के अनुसार रणनीति में बदलाव पर जोर दिया है।

 

कुनमिंग-मॉन्ट्रियल वैश्विक जैव विविधता फ्रेमवर्क (GBF) के बारे में:

  • इसे CBD के COP15 में दिसंबर 2022 में चार वर्षों की बातचीत के बाद अपनाया गया।
  • उद्देश्य: जैव विविधता के नुकसान को रोकना और उसे उलटना तथा 2050 तक प्रकृति के साथ सामंजस्यपूर्ण जीवन के वैश्विक लक्ष्य को प्राप्त करना। 
  • संरचना:
    • 2050 के लिए 4 वैश्विक लक्ष्य 
    • 2030 के लिए 23 लक्ष्य 
  • कानूनी स्थिति: यह कानूनी रूप से बाध्यकारी अंतरराष्ट्रीय संधि नहीं है। सभी पक्षों ने इसके कार्यान्वयन के लिए अपने राष्ट्रीय लक्ष्य निर्धारित करने की प्रतिबद्धता जताई है।
  • मुख्य क्षेत्र: जैव विविधता पर खतरों को कम करना, जैव संसाधनों का सतत उपयोग, लाभों का समान वितरण, वित्तीय संसाधन, तकनीकी सहयोग और क्षमता निर्माण। 
  • लक्ष्य 2: 2030 तक कम-से-कम 30% क्षतिग्रस्त स्थलीय, अंतर्देशीय जल, तटीय और समुद्री पारिस्थितिक तंत्रों को बहाल करना है।
  • लक्ष्य 3: “30 by 30”: 2030 तक विश्व के कम-से-कम 30% स्थलीय, अंतर्देशीय जल और समुद्री क्षेत्रों के संरक्षण का लक्ष्य। 
  • लक्ष्य 19: वित्त: 2030 तक जैव विविधता के लिए प्रतिवर्ष कम-से-कम 200 अरब डॉलर जुटाने का लक्ष्य। इसमें विकासशील देशों के लिए कम-से-कम 30 अरब डॉलर प्रतिवर्ष अंतरराष्ट्रीय वित्त शामिल है। 
  • वित्तीय अंतर: वैश्विक जैव विविधता वित्तीय आवश्यकता और उपलब्ध संसाधनों के बीच अंतर लगभग 700 अरब डॉलर प्रति वर्ष माना जाता है। 
  • Cali Fund: Digital Sequence Information (DSI) के व्यावसायिक उपयोग से होने वाले लाभों को न्यायसंगत तरीके से साझा करने के लिए बनाया गया। इसके कम-से-कम आधे संसाधन आदिवासी और स्थानीय समुदायों के लिए निर्देशित किए जाने हैं। 
  • कार्यान्वयन: राष्ट्रीय लक्ष्यों, निगरानी तंत्र, वित्तीय संसाधनों, क्षमता निर्माण तथा वैज्ञानिक-तकनीकी सहयोग के माध्यम से किया जाएगा। 
  • मुख्य चिंता: “30 by 30” जैसे संरक्षण लक्ष्यों में यदि आदिवासी एवं स्थानीय समुदायों के भूमि, आजीविका और निर्णय-निर्माण संबंधी अधिकारों की अनदेखी हो, तो संरक्षण और सामाजिक न्याय के बीच टकराव पैदा हो सकता है। 
  • आगे का रास्ता: जैव विविधता संरक्षण को स्थानीय समुदायों की भागीदारी, सुरक्षित भूमि अधिकार, समान लाभ-साझाकरण और सतत आजीविका के साथ जोड़ा जाना चाहिए।

खाद्य एवं कृषि संगठन (FAO) के बारे में:

  • FAO की स्थापना 16 अक्टूबर 1945 को द्वितीय विश्व युद्ध के बाद क्यूबेक सिटी, कनाडा में खाद्य संकट और भुखमरी से निपटने के लिए हुई। 
  • मुख्यालय:रोम, इटली। 
  • सदस्यता:195 सदस्य जिसमें 194 देश और यूरोपीय संघ शामिल हैं। 
  • मुख्य उद्देश्य: सभी लोगों के लिए खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करना, ताकि सभी को पर्याप्त, सुरक्षित और पौष्टिक भोजन नियमित रूप से उपलब्ध हो। 

प्रमुख उद्देश्य

  • भुखमरी और कुपोषण समाप्त करना: खाद्य उत्पादन, उपलब्धता और पोषण में सुधार के लिए देशों को सहायता। 
  • कृषि उत्पादकता बढ़ाना: कृषि, वानिकी, मत्स्य पालन और पशुपालन में तकनीकी सहायता प्रदान करना। 
  • ग्रामीण जीवन स्तर सुधारना: कृषि पर निर्भर ग्रामीण समुदायों के आर्थिक और सामाजिक विकास को बढ़ावा देना। 
  • प्राकृतिक संसाधनों का सतत उपयोग: भूमि, जल, वन और जैव विविधता के संरक्षण एवं सतत प्रबंधन को प्रोत्साहित करना। 

संगठनात्मक संरचना

  • FAO Conference: संगठन का सर्वोच्च निकाय, जिसकी बैठक हर दो वर्ष में होती है और यह व्यापक नीतिगत दिशा तय करता है। 
  • FAO Council: 49 सदस्यीय कार्यकारी निकाय, जो संगठन के निर्णयों के क्रियान्वयन की निगरानी करता है। 
  • महानिदेशक: FAO सचिवालय का प्रमुख; वर्तमान महानिदेशक Qu Dongyu हैं। 
  • वैश्विक उपस्थिति: FAO के 130 से अधिक देशों में क्षेत्रीय/फील्ड कार्यालय हैं, जो स्थानीय स्तर पर तकनीकी सहायता प्रदान करते हैं।

प्रश्न. वन क्षरण, कुनमिंग-मॉन्ट्रियल ग्लोबल बायोडायवर्सिटी फ्रेमवर्क (GBF) और FAO के संदर्भ में निम्नलिखित कथनों पर विचार कीजिए:

  1. वैश्विक शुद्ध वन हानि की वार्षिक दर 2000–2015 के दौरान 3.68 मिलियन हेक्टेयर से बढ़कर 2015–2025 के दौरान 4.12 मिलियन हेक्टेयर हो गई। 
  2. GBF के लक्ष्य 3  के तहत 2030 तक कम-से-कम 30% क्षरित स्थलीय, अंतर्देशीय जल, तटीय और समुद्री पारिस्थितिकी तंत्रों को पुनर्स्थापित करने का लक्ष्य है, जबकि लक्ष्य 2  इनके 30% संरक्षण पर केंद्रित है। 
  3. FAO की सर्वोच्च शासी संस्था FAO Council है, जबकि द्विवार्षिक FAO Conference इसका कार्यकारी निकाय है। 
  4. Cali Fund का उद्देश्य आनुवंशिक संसाधनों से संबंधित Digital Sequence Information के व्यावसायिक उपयोग से होने वाले लाभों का न्यायसंगत वितरण सुनिश्चित करना है तथा इसके कम-से-कम आधे संसाधन आदिवासी और स्थानीय समुदायों के लिए निर्धारित हैं। 

उपर्युक्त कथनों में से कौन-से सही हैं?

(a) केवल 1 और 3
(b) केवल 1, 2 और 4
(c) केवल 2, 3 और 4
(d) केवल 1 और 4

उत्तर: (d) केवल 1 और 4

व्याख्या 

  • शुद्ध वन हानि की वार्षिक दर 2000–2015 में 3.68 मिलियन हेक्टेयर से बढ़कर 2015–2025 में 4.12 मिलियन हेक्टेयर हो गई। अतः कथन 1 सही है। 
  • GBF का लक्ष्य 2 क्षरित पारिस्थितिकी तंत्रों के पुनर्स्थापन से, जबकि लक्ष्य 3 “30 by 30” संरक्षण लक्ष्य से संबंधित है। अतः कथन 2 गलत है। 
  • FAO Conference सर्वोच्च शासी निकाय है, जबकि 49 सदस्यीय FAO Council कार्यकारी निकाय है। अतः कथन 3 गलत है। 
  • Cali Fund Digital Sequence Information के व्यावसायिक उपयोग से होने वाले लाभों के न्यायसंगत वितरण को बढ़ावा देता है और इसके कम-से-कम आधे संसाधन आदिवासी एवं स्थानीय समुदायों के लिए निर्धारित हैं। अतः कथन 4 सही है।