RWA Civil Services
Current Affairs - Daily 26 नवमबर 2026

एआई स्लॉप

‘एआई स्लॉप’

  • इंटरनेट और सोशल मीडिया पर कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) से बनी निम्न गुणवत्ता की सामग्री के बढ़ते प्रसार के साथ ‘एआई स्लॉप’ (AI slop) शब्द चर्चा में आया है। 15 दिसम्बर, 2025 को शब्दकोश प्रकाशक मेरियम-वेबस्टर ने ‘स्लॉप’ को वर्ष 2025 का शब्द घोषित किया। इसके प्रचलित अर्थ में दो बातें प्रमुख हैं—सामग्री की निम्न गुणवत्ता और एआई की सहायता से उसका प्रायः बड़ी मात्रा में उत्पादन।

  • एआई स्लॉप कई रूपों में सामने आता है। इनमें एक ही जानकारी को दोहराने वाले लेख, वास्तविक दिखने वाले काल्पनिक चित्र, छोटे वीडियो, ऑडियो और सोशल मीडिया पोस्ट शामिल हैं। 
  • ऐसी सामग्री बनाने का एक सामान्य उद्देश्य अधिक क्लिक, व्यू और प्रतिक्रियाएँ प्राप्त करना है। इसकी पहचान में सामग्री की गुणवत्ता महत्त्वपूर्ण है। उदाहरण के लिए, एआई की सहायता से तैयार और तथ्यों की जाँच के बाद प्रकाशित किसी उपयोगी लेख को केवल उसकी निर्माण-विधि के आधार पर ‘स्लॉप’ कहना अनुचित होगा।
  • एआई स्लॉप और भ्रामक सूचना के बीच अन्तर भी महत्त्वपूर्ण है। दोहराव से भरा निरर्थक लेख तथ्यात्मक त्रुटि के बिना भी एआई स्लॉप हो सकता है। दूसरी ओर, जब किसी काल्पनिक घटना के एआई-निर्मित चित्र को वास्तविक घटना की तस्वीर बताकर साझा किया जाता है, तो वह भ्रामक सूचना भी फैलाता है।

अभ्यास प्रश्न

प्रश्न : ‘एआई स्लॉप’ के सन्दर्भ में निम्नलिखित कथनों पर विचार कीजिए।

  1. यह शब्द प्रायः बड़ी मात्रा में तैयार की गई निम्न गुणवत्ता की एआई-जनित सामग्री के लिए प्रयुक्त होता है।
  2. किसी सामग्री को एआई स्लॉप कहने के लिए उसमें तथ्यात्मक रूप से असत्य दावा होना आवश्यक है।
  3. एआई-जनित ऑडियो और वीडियो भी इस श्रेणी में आ सकते हैं।

उपर्युक्त कथनों में से कौन-से सही हैं ?

(a) केवल 1 और 2
 (b) केवल 1 और 3
 (c) केवल 2 और 3
 (d) 1, 2 और 3

उत्तर : (b)